महासमुन्द

दीपावली पर 25 को खंडग्रास सूर्य ग्रहण, 23 को धनतेरस, 24 को नरक चौदस-लक्ष्मी पूजा, 26 को गोवर्धन पूजा, 27 को भाईदूज
15-Oct-2022 3:09 PM
दीपावली पर 25 को खंडग्रास सूर्य ग्रहण, 23 को धनतेरस, 24 को नरक चौदस-लक्ष्मी पूजा, 26 को गोवर्धन पूजा, 27 को भाईदूज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 अक्टूबर।
पांच दिनों तक मनाया जाने वाले दीपावली पर्व में इस साल सूर्य ग्रहण लग रहा है। इसके कारण यह पर्व एक दिन बाद मनाना पड़ेगा। दीपों का यह त्यौहार धनतेरस से शुरू होता है। दूसरे दिन नरक चौदस मनाया जाता है। तीसरे दिन लक्ष्मी पूजा दीपावली मनाते हैं।  चौथे दिन गोवर्धन पूजा और पांचवें दिन भाईदूज होता है। लेकिन इस बार धनतेरस के दूसरे दिन नरक चौदस व लक्ष्मी पूजा एक ही दिन होगी।  दूसरे दिन सूर्य ग्रहण है। एक दिन बाद गोवर्धन पूजा व भाईदूज का त्योहार मनाया जाएगा। हालांकि दीपावली त्यौहार को अभी एक सप्ताह बाकी  है और सभी लोग पर्व को लेकर तैयारियों में जुट गए हैं।  

नगर पंडित पंकज तिवारी के अनुसार ऐसी स्थिति सन 1995 में भी निर्मित हुई थी। सूर्यग्रहण में मंदिर के पट भी बंद हो जाते हैं। इस समय शुभ काम करना वर्जित रहता है। ऐसे में गोवर्धन पूजा मनाना शुभ नहीं रहेगा। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को धनतेरस, चतुर्दशी को नरक चतुर्दशी और अमावस्या को दीवाली मनाई जाती है। इस वर्ष कार्तिक कृष्ण अमावस्या 25 अक्टूबर को खण्डग्रास सूर्यग्रहण है।  इसलिए 23 अक्टूबर को धनतेरस, 24 को नरक चौदस व दीपावली महालक्ष्मी कुबेर पूजन, 25 को खण्डग्रास सूर्यग्रहण, 26 को गोवर्धन पूजा,  अन्नकूट एवं 27 को भाईदूज का पर्व मनाया जाएगा।

गौरतलब है कि दीपावली पर्व के मद्देनजर बाजार सजकर तैयार हो गया है। घरों के सामने रंगोली की सजावट भी शुरू हो गई है। वहीं  शुभ मुहूर्त में खरीदी करने भी लोग बाजार में पहुंच रहे हैं। पर्व के दिन दिए जाने के लिए कुम्हार दिया व कलश की बिक्री को लेकर तैयारियों में जुटे हुए हैं। कुम्हार इस साल अधिक मात्रा में कलश व दिया बना रहे हैं। सूर्य ग्रहण लगने से पहले 12 घंटे पहले सूतक लगता है। इस दिन को  सूतक काल में देव प्रतिमा स्पर्श, उद्घाटन, कोई भी हवन पूजन आदि कार्य नहीं होते हैं। सूतक लगने के बाद मंदिरों का पट भी बंद रहता है। इस  दौरान पूजा नहीं होता है। पं. पंकज तिवारी के अनुसार सूतक आरंभ 25 की सुबह 4 बजकर 51 मिनट में होगा। सूर्य ग्रहण शाम 4 बजकर 51 मिनट में लगेगा। ग्रहण मोक्ष यानी समाप्त 5 बजकर 29 मिनट को ग्रहण समाप्त होगा।
 


अन्य पोस्ट