महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 15 अक्टूबर। विगत 23 सितंबर से प्रदेश भर में रसोईया संघ अपने 3 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। सरायपाली के रसोईया संघ उप पंजीयक कार्यालय के सामने धरने पर बैठे हैं। संघ के द्वारा स्थानीय विधायक अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष किस्मत लाल नंद को 3 सूत्रीय मांग को पूरा करवाने ज्ञापन सौंपा गया है।
स्कूलों में मध्यान्ह भोजन बनाने वाले रसोइयों संघ के अनिश्चितकालीन हड़ताल से स्कूलों में मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था भी चरमरा गई है, कई स्थानों पर मध्यान्ह भोजन भी नहीं बन रहे हैं, तो कुछ स्थानों पर व्यवस्था के तहत मध्यान्ह भोजन संचालित किया जा रहा है, रसोईया संघ की हड़ताल से समूह को रसोईया का कार्य करने पड़ रहे हैं,उनकी 3 सूत्रीय मांगों में कलेक्टर दर पर मानदेय राशि देने, रसोइयों का नियमितीकरण करने, रसोइयों को निकालने,नये रसोइयों रखने की कार्य को बंद करना शामिल है। रसोईया संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि विधायक नंद के द्वारा आश्वस्त किया गया है रसोईया संघ के 3 सूत्रीय मांग को वे केबिनेट में रखेंगे, विधायक के आश्वासन के बाद संभावना जताई जा रही है कि आगामी एक-दो दिनों में वे हड़ताल समाप्त कर कार्य पर लौट सकते हैं।