महासमुन्द
कलेक्टर ने कहा-दीपावली के बाद गांव में पक्की सडक़ बनवाएंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 अक्टूबर। महासमुंद जिले के गांव बोरिद में आज भी पक्की सडक़ नहीं है। इस गांव के लोग जंगल के बीच कच्चे रास्ते से गुजरकर जीवन यापन करते हैं। जंगल के बीच बनी पगडंडी से गांव के छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाते हैं। चूंकि यह गांव ग्राम पंचायत चुहरी का आश्रित गांव है। लिहाजा पगडंडी से रास्ते ही गांव के लोग चुहरी जाकर राशन आदि खरीद लाते हैं। पानी बरसात के दिनों में अवाजाही की भारी परेशानियां हैं और बाकी मौसम में भी जंगली और विषैले जानवरों का भय बना रहता है। इसकी शिकायत लेकर कल गुरूवार को ग्रामीण बड़ी तादात में कलेक्टर के पास पहुंचे और अपनी समस्या बताई।
कलेक्टर के पास पहुंचे ग्राम बोरिद के ग्रामीणों छत्तीसगढ़ से बताया कि उन्हें ग्राम पंचायत तक पहुंचने के लिए लगभग 4 किलो मीटर का पगडंडी वाला रास्ता तय करना पड़ता है। पक्की सडक़की मांग पिछले 25-30 सालों से करते आ रहे हैं। मगर सुनवाई नहीं हो रही है। बोरिद के ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में स्पष्ट उल्लेख किया है कि उनकी जायज मांगों को लगातार अनसुना किया जा रहा है। अगर जल्द सडक़ नहीं बनी तो वे विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बीमार मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को दूसरे गांव स्थित अस्पताल लाने ले जाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। साथ ही उनका गांव हाथी प्रभातिव क्षेत्र भी है। गांव वालों की बात सुनकर कलेक्टर ने दीपावली के बाद सडक़ बनाने का आश्वासन दिया है।