महासमुन्द
केंद्र की पीएम किसान सम्मान निधि योजना में दलालों ने अपात्रों का सत्यापन कर दिया
बाहरी जिलों जांजगीर,चांपा, गरियाबंद जिले के किसानों का पंजीयन भी हुआ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 अक्टूबर। जिले में पीएम किसान सम्मान निधि योजना में च्वाईस सेंटरों से किए पंजीयन में भारी तादात में अपात्रों को किसान सम्मान निधि का हितग्राही बना देने का माामला सामने आया है। किसानों को महासमुंद जिले में 92 करोड़ से ज्यादा रुपए देने के बाद उक्त राशि की रिकवरी में कृषि विभाग के पसीने छूट रहे हैं। ऐसे चंद लोग ही हैं जो विभाग की अपील पर सामने आकर पैसा लौटा रहे हैं वहीं ज्यादातर लोगों पर विभाग की अपील का कोई असर नहीं हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक जिले में पात्र किसानों से ज्यादा संख्या अपात्रों की है जो पीएम सम्मान निधि की राशि डकार गए हैं।
कृषि विभाग के मुताबिक पीएम किसान सम्मान निधि केंद्र सरकार की योजना है। इसे 2019 में इसे शुरू किया गया। पंजीयन के लिए सीएससी को अधिकृत किया और गड़बड़ी यहीं से शुरू हुई। गांव-गांव में दलालों ने बड़ी संख्या में अपात्रों का पंजीयन कर दिया। महासमुंद जिले में तो बाहरी जिलों जांजगीर,चांपा, गरियाबंद जिले के किसानों का पंजीयन हुआ है। सत्यापन भी ठीक से नहीं हुआ। योजना में जब फर्जीवाड़ा सामने आया तब सरकार ने नए सिरे से सत्यापन कराना शुरू किया। ईकेवाईसी की प्रक्रिया में अपात्रों की जो संख्या निकलकर आई वह चौंकाने वाली थी।
इस संबंध में उपसंचालक कृषि अमित मोहंती कहते हंै-जिले में पंजीकृत किसानों की संख्या लगभग 1 लाख 74 हजार है। लेकिन 1 लाख 93 हजार 906 अपात्र किसानों ने पंजीयन करा लिया है जिनमें आयकर दाता, नौकरी करने वाले, पेंशनधारी भी शामिल हैं। उनसे रिकवरी के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। हालात ऐसे बन चुके हैं कि कृषि विस्तार अधिकारियों को इस काम के लिए दिन रात मेहनत करनी पड़ रही है इसके बावजूद कोई बड़ी सफलता अब तक हाथ नहीं लगी है।
श्री मोहंती कहते हैं कि विभागीय आंकड़ों के मुताबिक 1983 आयकर दाता हैं जिन्होंने पंजीयन कराया है जिनमें से 1786 अपात्रों के द्वारा 1 करोड़ 70 लाख 44 हजार रुपए किसान सम्मान निधि का निकाल लिया गया है। इसी तरह जिले में कुल 1 लाख 93 हजार 906 अपात्रों ने 92 करोड़ 10 लाख 68 हजार रुपए पीएम किसान सम्मान निधि का निकाल लिया है। जिसे वसूलने की विभाग के पास बड़ी चुनौती है।
कृषि विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अपात्र किसानों की तादात का खुलासा 7 किश्तों के भुगतान के बाद हुआ इससे पहले विभाग अपात्रों को पीएम किसान सम्मान निधि की राशि का भुगतान कर चुका है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक भुगतान की गई राशि 92 करोड़ 10 लाख 68 हजार रुपए है, जिसकी रिकवरी में विभाग के पसीने छूट रहे हैं। अब तक अपात्रों से महज 4 लाख 82 हजार रुपए की रिकवरी ही विभाग कर पाया है।