महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 अक्टूबर। महासमुंद मेंकलेक्टर बंगले के सामने थानेदार प्रमीला मंडावी के निवास में चोरी करने वाले 6 अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। उनसे चोरी के सारे सामान बरामद किए गए हैं।
घटना अनुसार 24 सितंबर को प्रार्थी प्रमिला मंडावी (45) न्यू सिविल लाईन महासमुंद थाना महासमुंद ने कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि वे पुलिस विभाग में निरीक्षक के पद वर्तमान में रायपुर में पदस्थ हैं। रायपुर में पदस्थापना होने के कारण न्यु सिविल लाईन महासमुंद का मकान बंद रहता है। महिने में एक दो बार आकर साफ सफाई कर ताला बंद करके वापस रायपुर चली जाती है। पिछले 7 अगस्त को वह अपने न्यु सिविल लाईन स्थित मकान में आई और साफ सफाई कर पुन: ताला बंद कर सामने गेट की चाबी गुलाब नामक व्यक्ति को देकर चली गई।
गुलाब नाम का व्यक्ति प्रमीला मंडावी के मकान का देख रेख करते हैं। इसके बाद 23 सितंबर को रात्रि 9 बजे प्रमीला मंडावी महासमुंद पहुंची और गुलाब से घर की चाबी लेकर दरवाजा खोला तो देखा कि मकान के मेन दरवाजे का ताला टूटा है। मकान खुला हुआ है और अंदर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए हैं। घर का सारा सामान बिखड़ा पड़ा है। बाथरूम में लगे जगुआर कम्पनी का जम्बो सेट, सावर युनिट, बाथ हेंगर राड, बर्तन सेट कांसे की थाली, लोटा, कटोरी, गिलास के 6-6 सेट, 1 इंडेन गैस सिलेण्डर, 1 लेडिस सायकल, पूजा के चांदी के सिक्के करीब 10 नग, 1 सो पीस एवं साडिय़ां, बच्चों के कपड़े, बर्तन, आलड्राप आदि अन्य सामान जुमला कीमती करीब 35 हजार रुपए के सामान गायब हैं।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना महासमुंद में अपराध 423-22 धारा 457,380 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। थाना प्रभारी सिटी कोतवाली महासमुंद ने आरोपी की पतासाजी हेतु टीम का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सहायता एवं लोगों से पूछताछ की गी। इसी बीच 11 अक्टूबर को मुखबीर से सूचना मिली कि कुछ लडक़े चोरी का सामान बेचने के लिये ग्राहक तलाश रहे हैं। मुखबीर सूचना पर मौका वार्ड नं. 28 मौहारीभांठा पहुंचकर संदेही 6 अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया गया। सभी बालक महासमुंद निवासी हैं। आरोपी बालकों का कहना है कि घटना रात्रि को लगभग 12 से 1 बजे सभी एक राय होकर मकान के अंदर लोहे के गेट को कूदकर अंदर लगे दरवाजे तक पहुंचे। दरवाजा तोडक़र घर के अंदर रखे सामनों की चोरी की और उसे बेचने के फिराक में थे।