महासमुन्द

मांगों को ले सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
12-Oct-2022 2:39 PM
मांगों को ले सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 अक्टूबर।
मंगलवार को सहकारी समिति कर्मचारी संघ की ओर से ज्ञापन देकर धान खरीदी में होने वाली परेशानियों के संबंध में कलेक्टर को सौंपा गया है। इसमें स्पष्ट कहा गया है कि यदि 31 अक्टूबर तक मांग पूरी नहीं हुई तो कर्मचारी आंदोलन में जाएंगे और खरीदी का बहिष्कार करेंगे।

समिति के अध्यक्ष तुलाराम ध्रुव, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज साव, जिला उपाध्यक्ष कौशल साहू, जिला सचिव घनश्याम चौधरी ने बताया कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के अतंर्गत कार्यरत कर्मचारियों द्वारा शासन के विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाएं जैसे समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन पीडीएस 0 प्रतिशत में केसीसी ऋण वितरण वर्मी कम्पोस्ट खाद वितरण का कार्य किया जाता है। लेकिन कार्यरत कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

इनकी मांग है कि संस्था द्वारा धान का उपार्जन 17 प्रतिशत में किया जाता है, जिसका समय पर उठाव नहीं होने के कारण धान के वजन में कमी आती है और उसकी भरपाई धान उपार्जन में संलग्न कर्मचारी से कराई जाती है। समिति 72 घंटे के अंदर उठाव करे या फिर धान उपार्जन पर 3 प्रतिशत सूखत मान्य किया जाए। शासन द्वारा विगत कई सालों से धान उपार्जन पर प्रासंगीग व्यय 9 रुपए, सुरक्षा व्यय 3 रुपए प्रति क्विंटल दिया जा रहा है जो आज की महंगाई को देखते हुए कम है। धान प्रासंगीग व्यय 30 रुपए एवं सुरक्षा व्यय 15 रुपए प्रति क्विंटल किया जाए। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां कई उपभोक्ता दुकानों का संचालन अपनी पूर्ण निष्ठा व ईमानदारी के साथ निर्विवाद रूप से संचालित कर रही हैं, लेकिन शासन.प्रशासन समितिमें संचालित दो से अधिक उपभोक्ता दुकानों को सरेंडर करा रहे हैं जो न्यायोचित नहीं है।
 


अन्य पोस्ट