महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 अक्टूबर। प्रेम विवाह के बाद सोशल मीडिया में फोटो डालने वाले युवक के परिजनों की लडक़ी के परिवार वालों ने रास्ता रोककर पिटाई कर दी। मामला टूहलू चौकी का है। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर लडक़ी पक्ष वालों के खिलाफ बलवा का मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
टूहलू चौकी प्रभारी रामभजन सिन्हा ने बताया कि प्रार्थी चैतराम का पुत्र सुरेश सिन्हा ने गांव की ही 22 वर्षीय युवती से विवाह किया और फोटो सोशल मीडिया में वायरल कर दी। उस फोटो को देखकर युवती के परिजन भडक़ गए।
नौ अक्टूबर को प्रार्थी अपनी पत्नी बासन बाई, दीदी राधा बाई, भतीजा मेघराज सिन्हा के साथ कपड़े खरीदने के लिए कोमाखान गए थे। शाम को वापस घर आ रहे थे। इसी दौरान ग्राम परसुली सेनभाठा के बीच पुल के पास लडक़ी के परिजनों की नजर लडक़े के पिता व मां पर पड़ी तो वे बौखला गए और आरोपी भतीजा मेघराज सिन्हा, दीनदयाल, रवि, मोतीलाल, पन्नू, राजा सिन्हा बाइक लेकर वहां पहुंचे और लडक़ी को भगाने में साथ दिया हो कहकर गाली गलौज करते हुए लात, घूंसे, चप्पल से मारपीट की।