महासमुन्द

तीन महीने से वेतन नहीं, नपा कर्मियों ने कहा-हफ्ते भर में नहीं मिला तो हड़ताल
11-Oct-2022 2:30 PM
तीन महीने से वेतन नहीं,  नपा कर्मियों ने कहा-हफ्ते भर में नहीं मिला तो हड़ताल

जल्द ही रास्ता निकलने की उम्मीद-सीएमओ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 अक्टूबर।
नगर पालिका की माली हालत खराब है और यहां पिछले तीन महीने से कर्मियों को वेतन भुगतान नहीं किया गया है। आर्थिक मोर्चे पर जूझ रहे कर्मचारी कल सोमवार को वेतन भुगतान की मांग को लेकर सीएमओ के केबिन में पहुंचे। काफी देर तक बातचीत और तीखी नोंक-झोंक के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकल पाया। जब कर्मचारियों ने आज 11 अक्टूबर से कलमबंद हड़ताल करने का निर्णय लिया तो सीएमओ ने किसी तरह हफ्ते भर के भीतर वेतन का भरोसा दिया है। सीएमओ के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने आज का हड़ताल टाल दिया और कहा कि हमारे साथ प्लेसमेंट कर्मचारी भी हड़ताल पर रहेंगे। आप शहरवासियों को मंगलवार से साफ.-सफाई सहित बिजली-पानी को लेकर व्यवस्था कर लीजिएगा।

मिली जानकारी के अनुसार नगरपालिका महासमुंद में नियमित व प्लेसमेंट के तहत कार्यरत कुल 244 कर्मचारी हैं जिनका 3 महीने का भुगतान रुका हुआ है। इनका कहना है कि आर्थिक दशा बिगड़ गई है, उधारी में राशन लेना पड़ रहा है, बच्चों के स्कूल फीस, मकान का किराया, बिजली बिल सहित आर्थिक व्यय पेमेंट नहीं मिलने के कारण बकाया है। तगादा सुनना पड़ रहा है या फिर साहूकारों से ब्याज में पैसे लेकर उधारी चुकाने की नौबत आ चुकी है।

सोमवार को सभी कर्मचारियों ने सीएमओ आशीष तिवारी को उनके केबिन में घेर लिया और भुगतान की मांग करने लगे। जिस पर बहस भी हुई लेकिन मामला बेनतीजा रहा और नाराज पालिका कर्मियों ने आज से कलम बंद हड़ताल का निर्णय ले लिया। लेकिन किसी तरह सीएमओ ने किसी तरह उन्हें समझाया कि एक हप्ते में समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। उनकी बातों से सहमत होकर कर्मचारियों ने आज का हड़ताल वापस ले लिया है और कहा है कि यदि निर्धारित समय पर भुगतान नहीं हुआ तो हम हड़ताल करेंगे इसके बाद आप शहर की सफाई आदि व्यवस्था संभाल लीजिएगा।

जानकारी के मुताबिक नगर पालिका में 87 नियमित कर्मचारी कार्यरत हैं। जिनका एक माह में 33 लाख 50 हजार रुपए वेतन भुगतान बनता है। साथ ही 157 प्लेसमेंट कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनको एक माह मे 20 लाख 80 हजार रुपए का भुगतान होता है। इस प्रकार सभी कर्मचारियों को एक माह में 54 लाख 30 हजार रुपए का भुगतान पालिका प्रशासन देना होता है। लेकिन पालिका की माली हालत खराब होने की वजह से भुगतान लंबित है।
 नगर पालिका कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुरेश तिवारी का कहना है कि पेमेंट नहीं मिलने की वजह से सभी कर्मचारी आर्थिक समस्या से जूझ रहे हैं। सामने दीपावली का त्यौहार है और आर्थिक तंगी की वजह से हमारे घरों में दीये भी जलंगे या नहीं इस पर संशय बना हुआ है। सुरेश तिवारी ने कहा कि भुगतान के लिए सीएमओ साहब से बात हुई है मगर कर्मचारी उनके बातों से सन्तुष्ट नहीं हैं।

इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी का कहना है कि सफाई कर्मचारियों को जुलाई का भुगतान किया गया था वहीं अन्य कर्मचारियों का तीन महीने का भुगतान बचा हुआ है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से राजस्व की वसूली नहीं हो पा रही है जिसकी वजह से भुगतान लंबित है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों के साथ ही शासन स्तर पर भी अवगत कराया जा चुका है जल्द ही रास्ता निकलने की उम्मीद है।
 


अन्य पोस्ट