महासमुन्द

महासमुंद मेडिकल कालेज में भी एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश की प्रक्रियाएं 11 से
10-Oct-2022 3:06 PM
महासमुंद मेडिकल कालेज में भी एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश की प्रक्रियाएं 11 से

17 अक्टूबर से स्टेट कोटा के तहत प्रवेश की प्रक्रियाएं शुरू होंगी

पहले ऑल इंडिया कोटा के तहत काउंसलिंग होगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 अक्टूबर।
देशभर के मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ महासमुंद मेडिकल कालेज में भी एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश की प्रक्रियाएं कल 11 अक्टूबर से शुरू होगी। पहले ऑल इंडिया कोटा के तहत काउंसलिंग होगी। इसके बाद 17 अक्टूबर से स्टेट कोटा के तहत प्रवेश की प्रक्रियाएं शुरू होंगी। प्रवेश प्रक्रियाओं के संचालन के लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन महासमुंद ने भी दस्तावेजों के परीक्षण और प्रवेश की प्रक्रियाओं पर ध्यान रखने के लिए 5-5 सदस्यीय कमेटी गठित की है। जानकारी मिली है कि एनएमसी ने 15 नवंबर तक यूजी कोर्स के एकेडमिक सेशन शुरू करने के लिए तिथि निर्धारित की है।

मिली जानकारी के अनुसार महासमुंद में हॉस्टल में सुरक्षा व्यवस्था के लिए गार्ड और सफाई व्यवस्था के लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने टेंडर जारी किया था, जो आज सोमवार को ही खुलेगा। इसके बाद निर्धारित मापदंडों में इसकी व्यवस्था भी की जा रही है। इसी तरह से हाल ही में लगभग 600 पुस्तकें कॉलेज को मिली है और इंटरनेशनल जर्नल के लिए भी टेंडर की तैयारी की जा रही है।

प्रबंधन के अनुसार पहले राउंड के तहत 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक ऑल इंडिया कोटा से एडमिशन के लिए दिल्ली में स्टूडेंट्स की काउंसलिंग होगी। काउंसलिंग के बाद महासमुंद मेडिकल कॉलेज के लिए चयनित स्टूडेंट्स की सूची सेंट्रल से भेजी जाएगी। इस कोटा के स्टूडेंट्स को प्रवेश के लिए 28 अक्टूबर तक का समय मिलेगा।

इसी तरह स्टेट कोटा के तहत प्रवेश के लिए 17 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक काउंसलिंग होगी। छग स्टेट कोटा की काउंसलिंग रायपुर में होगी। चयनित छात्रों की सूची दोबारा महासमुंद मेडिकल कॉलेज को भेजी जाएगी। इस कोटे में 4 नवंबर तक प्रवेश लिया जाएगा।

यहां प्रवेश के लिए तीन चरण निर्धारित हैं। इसके तहत पहले चरण में ऑल इंडिया कोटा के लिए 2 नवंबर से 10 नवंबर और दूसरे चरण में स्टेट कोटा के लिए 7 से 18 नवंबर तक काउंसलिंग होगी। वहीं इसके बाद भी बचे हुए सीट के लिए मॉप-अप काउंसलिंग होगी। स्टेट कोटा के तहत मॉप अप काउंसलिंग 6 दिसंबर से 12 दिसंबर तक होगी। इस तरह साल 2022 के अंत तक एडमिशन की प्रक्रियाएं चलेंगी।
गौरतलब है कि महासमुंद जीएमसी में प्रवेश समिति के अध्यक्ष डॉ.अलखराम वर्मा अध्यक्ष और स्क्रूटनी समिति के अध्यक्ष डा. बसंत माहेश्वरी बनाए गए हैं।

प्रवेश प्रक्रिया के लिए तिथि के आते ही कॉलेज प्रबंधन संस्थान के बचे हुए कार्यों की तैयारियों में जुट गया है। एडमिशन के साथ ही स्टूडेंट्स को लाइवलीहुड स्थित बने हॉस्टल में रूकना होगा। लेकिन यहां अभी तक पानी और बिजली की व्यवस्था नहीं हो पाई है। हालांकि हॉस्टल के लिए फर्नीचर की व्यवस्था समय से हो गई है। वहीं विद्युत व्यवस्था के लिए लाइवलीहुड कॉलेज परिसर में ट्रांसफार्मर लगाने के लिए खंबे लगा दिए गए हैं और आगे भी जल्द ट्रांसफार्मर के साथ पानी की व्यवस्था करने की बात प्रबंधन द्वारा कही जा रही है।


अन्य पोस्ट