महासमुन्द
समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे डॉ. चोपड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2अक्टूबर। पूर्व विधायक विमल चोपड़ा के नेतृत्व में सोरिद के ग्रामीणों ने कल शनिवार को महासमुंद कोतवाली का घेराव किया। इस दौरान पुलिस पर ग्रामीणों के खिलाफ झूठा रिपोर्ट दर्ज करने और गुंडा तत्वों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए थाना परिसर में जमकर नारेबाजी की गई। वहीं पुलिस प्रशासन को गुमराह करने वालों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
इस संबंध में पूर्व विधायक विमल चोपड़ा ने बताया कि ओंकार ध्रुव व उनके परिवार के द्वारा गांव के कुछ लोगों पर पौनी-पसारी योजना को बंद करने का झूठा आरोप लगाकर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। जिसके चलते पुलिस सोरिद के ग्रामीणों को परेशान कर रही है। इस दौरान पुलिस और प्रशासन को गुमराह करने वालों पर अपराध दर्ज करने की मांग भी की गई।
यह भी बताया गया कि सोरिद के ग्रामीणों द्वारा किसी पर प्रतिबंध लगाने की झूठी जानकारी भी पुलिस को दी गई है। इन सब मुद्दों पर जांच और कार्रवाई की मांग की गई जिस पर प्राथमिक जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन पुलिस की ओर से दिया गया है। थाना घेराव के दौरान सांसद कार्यालय प्रभारी मोहन साहू, शहर मंडल भाजपा कोषाध्यक्ष हनीष बग्गा, अरिवद प्रहरे, युवा नेता जग्गू छुरा, जनपद सदस्य दिग्विजय साहू, नरेश ध्रुव, दुष्यंत चन्द्राकर, सुकदेव नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।