महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 सितम्बर। समीपस्थ ग्राम घुंचापाली स्थित मां चण्डी मंदिर में शारदीय नवरात्रि महोत्सव की तैयारी पूरी हो गई है। मनोकामना ज्योति कलश स्थापना को लेकर मंदिर प्रबंधन तैयारी में जुटा हुआ है। इस साल नवरात्र में शत् चण्डी महायज्ञ का आयोजन स्वामी चैतन्य अग्निशिखा महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित है। यहां प्रतिदिन भंडारे का आयोजन भी होगा। पूर्व में कोरोना काल के चलते बंद था अब फिर से प्रारंभ किया जा रहा है।
मां का मंदिर शहर से 4 किमी दूर चंडी पहाड़ी की श्रृंखला के मध्य स्थित है, जहां प्राकृतिक रूप से माता की प्रतिमा है।
यहां आने वाले भालुओं के कारण यह मंदिर देश भर में विख्यात है। मंदिर ट्रस्ट से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस महोत्सव में मंदिर परिसर में शत चण्डी महायज्ञ का आयोजन सीताराम अग्रवाल तिल्दा.नेवरा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है, जो स्वामी चैतन्य अग्निशिखा महाराज के मार्गदर्शन में संपन्न होगा।