महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 सितम्बर। पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघरूपाली जंगल पहाड़ में कल अज्ञात युवक की सड़ी गली लाश मिली है। शव को देखकर अंदाज लगाया जा रहा है कि मृतक की उम्र करीब 30 से 35 साल की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। शव की पहचान के लिए पुलिस की टीम लगातार आसपास थाना क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। एक परिवार को उन्होंने शंका के आधार पर पहचान के लिए बुलाया है। यह परिवार पिथौरा क्षेत्र का रहने वाला है। उन्होंने महीनेभर पूर्व गुम इंसान दर्ज कराए थे। पुलिस का कहना है कि आज संभवत: लाश की पहचान हो जाएगी। पुलिस का कहना है कि शव करीब 15 से 20 दिन पुराना है। इसके कारण शव गल गया है। पटेवा थाना प्रभारी ने बताया कि सुबह ग्रामीणों ने बताया कि सिंघुरुपाली के जंगल में सड़ी गली लाश पड़ी है। सूचना मिलते ही टीम पहाड़ी पर पहुंची। शव सड़ गल जाने के कारण पहचान में नहीं आ रही है, लेकिन कपड़ा व अन्य समानों से उसकी पहचान की जा सकती है।
पुलिस को प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। लेकिन पीएम के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के थानों में दर्ज गुम इंसान के रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं। एक महीने के भीतर जितने भी मामले दर्ज है उसके संबंध में जांच चल रही है। पिथौरा थाना क्षेत्र में एक महीने पूर्व युवक के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आवेदक व उनके परिवार वालों को बताई गई है कि एक युवक की लाश पहाड़ी पर मिली है। पहचान के लिए उन्हें बुलाया गया है। परिजन देर शाम तक नहीं पहुंचे थे और उनके आज पहुंचने की संभावना है।