महासमुन्द
बरसात के तीन महीने तक पानी का तेज बहाव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 सितम्बर। जिले के बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत कुर्रुभाठा के आश्रित गांव धौराभांठा के बच्चों, गर्भवतियों और आपातकालीन स्थिति में लोगों को बघनई नदी को पार करते वक्त खतरा मोल लेना पड़ता है। बरसात के तीन महीने तक यहां पानी का तेज बहाव होता है।
ग्राम पंचायत कुर्रूभाठा और आश्रित गांव धौराभांठा की दूरी मात्र एक किमी है। इसके बीच में बघनई नदी पड़ती है। ग्रामीण यहां पुल निर्माण की मांग कई सालों से कर रहे हैं, लेकिन जिले के अफसर इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लिहाजा अब भी धौराभांठा के छात्रों को मिडिल, हाई व हायर सेकेंडरी स्कूल जाने के लिए नदी पार करने की मजबूरी है।
जानकारी अनुसार धौराभांठा के लोग पिछले कई सालों से नदी पारप कर ही जीवनयापन करते हैं। उन्हें इसी खतरों के बीच अपने बच्चों को स्कूल भेजना पड़ात है। आपातकालीन स्थिति में भी बरसात के दिनों में नदी पार कर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचा जा सकता है। स्वास्थ्य केन्द्र यहां से पांच किमी दूर खम्हरिया में स्थित है।
यहां का सरपंच मन्नू दीवान कहते हैं कि यह समस्या उनके बचपने से ही है। अब नई पीढ़ी बच्चों के लिए भी यहीं समस्या सबसे बड़ी है। इस नदी पर पुल बनाने के लिए प्रशासन से कई बार मांग की गई। लेकिन किसी भी प्रकार का पहल अब तक नहीं हुई है। ऐसे में बच्चों को शिक्षा हासिल करने के लिए इसी तरह रोज नदी पार करनी पड़ रही है।
ग्राम पंचायत कुर्रूभांठा के सरपंच बताते हैं कि मिडिल स्कूल यहां से एक किमी दूर कुर्रूभांठा और हाई व हायर सेकेंडरी स्कूल पांच किमी दूर खम्हरिया में है। यहां से लगभग 30 बच्चे मिडिल व 25 हाई स्कूल में पढ़ते हैं। अगस्त में बरसात के कारण महीनेभर तक बच्चे स्कूल नहीं जा पाए। अब पानी थोड़ा कम हुआ है तो नदी को ग्रामीणों की सहायता से पार कर बच्चे स्कूल जा रहे हैं।