महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 सितम्बर। शुक्रवार को खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के संचालक की ओर से जारी पत्र से पता चला है कि कलेक्टोरेट के खाद्य विभाग में पदस्थ सहायक खाद्य अधिकारी का स्थानांतरण 3 सितंबर 2021 को ही हो गया है लेकिन उन्हें आज तक कलेक्टर ने रिलीव नहीं किया है। इससे संबंधित पत्र 2 सितंबर 2022 को कलेक्टर को जारी हुआ है और 10 सितंबर तक उक्त अधिकारी को भारमुक्त करने का आदेश है। खास बात तो यह है कि उक्त अधिकारी अभी भी महासमुंद के खाद्य विभाग में कार्यरत हैं और आज भी ड्यूटी पर है।
जानकारी के अनुसार स्थानांतरण के 15 दिवस के बाद वेतन आहरण उनके नई पदस्थापना से होता है। लेकिन इन्हें पिछले 1 साल से महासमुंद जिले से ही वेतन का आहरण हो रहा है। कहा जा रहा है कि यह भी वित्तीय अनियमितता के दायरे में आता है।
संचालक ने कलेक्टर को
पत्र लिखकर वित्तीय अनियमितता की बात पत्र में कही है और कहा है कि सहायक खाद्य अधिकारी संजय शर्मा का स्थानांतरण 3 सितंबर 2021 को महासमुंद जिले से कोरिया किया गया है। लेकिन आज तक उन्हें भार मुक्त नहीं किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि इसी कारण सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी नवीन स्थानांतरण नीति 2022 के परिपालन में सहायक खाद्य अधिकारियों का स्थानांतरण प्रस्ताव तैयार किया जाना संभव नहीं हो पा रहा है। वहीं उक्त अधिकारी का स्थानांतरित अधिकारी का अगामी माह का वेतन आहरण उनके नवीन पदस्थापना स्थल पर किए जाने के निर्देश हैं। लेकिन एफ ओ संजय शर्मा का वेतन आज तक महासमुंद जिले से हो आहरित हो रहा है जो कि वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में है। एफओ संजय शर्मा को भार मुक्त करने के लिए 2 सितंबर 2022 को विभाग ने कलेक्टर को पत्र भेजा है। वहीं विभाग ने एएफओ को 10 सितंबर तक भार मुक्त न करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। इसके बाद भी एएफओ जिले में डटे हैं।