महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 19 सितंबर। नई मंडी प्रांगण पर चल रहे सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा व अष्टोत्तर शत के आज तीसरे दिन महाभारत चरित्र, ध्रुव चरित्र की कथा का कथा प्रवक्ता शेषाचार्य महाराज के द्वारा वाचन किया गया। सरायपाली में इस तरह की विशेष कथा का आयोजन पहली बार किया गया है।
कथा की विशेषता यह है कि एक साथ 108 पंडितों द्वारा भागवत कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा का आयोजन श्री लड्डू गोपाल सेवा संस्थान वृंदावन के सानिध्य में आचार्य पदम लोचन त्रिपाठी अमरकोट, आचार्य क्षेत्रपाल देवता के नेतृत्व में आयोजन किया जा रहा है। इस कथा को श्रीमद्भागवत या पितृ मोक्ष कथा के नाम से भी जाना जाता है। अंचलवासियों के लिए सौभाग्य है कि पितृ पक्ष में जहां 5 पंडितों को एक साथ एकत्रित कर भोजन खिलाने के लिए बड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। वहां एक साथ 108 वृंदावन से आए पंडित श्रीमद् भागवत कथा का पाठ कर रहे हैं।
नई मंडी प्रांगण में सात दिवसीय चलने वाले श्रीमद् भागवत कथा की मुख्य विशेषता यह है कि सामान्य तौर पर श्रीमद भागवत में एक ही स्थान पर एक ही महाराज के द्वारा कथा का वाचन होता है, लेकिन यहां एक ही परिसर में एक ही मंडप के नीचे वृंदावन से आए 108 पंडितों के द्वारा अलग-अलग वेदी में 108 यजमानों के लिए प्रत्येक पंडितों के द्वारा 18-18 हजार श्लोकों का पाठ किया जा रहा हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत विगत 15 सितंबर को कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुई और कल 16 सितंबर को गोकर्ण जी की कथा का वाचन किया गया। 17 सितंबर को महाभारत चरित्र, अद्भुत चरित्र की कथा सुनाई गई। कथा में मुख्य कथावाचक आचार्य शेषाचार्य महाराज के श्री मुख से श्रोतागण कथा का श्रवण कर रसपान कर रहे हैं। कथावाचक द्वारा दोपहर 2 से शाम 6 तक वाचन, सुबह प्रात: 7 बजे से 1 बजे तक पोथी पाठ किया जाता है। 18 सितंबर को अजामिल प्रख्यान, प्रह्लाद चरित्र, 19 सितंबर को श्री राम जन्म, श्री कृष्ण जन्म, 20 सितंबर को भगवान का बाल लीला, गोवर्धन पूजा, 21 सितंबर को महारास, रुक्मणी विवाह, 22 सितंबर को सुदामा चरित्र व पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इस दिन भक्तों को सामूहिक भंडारा खिलाया जाएगा। कथा सुनने के लिए भारी संख्या में महिलाएं पहुंच रही है। कार्यक्रम स्थल पर कथा सुनने वालों में महिला श्रोता गण की अधिकता भी देखी जा रही है।