महासमुन्द

फर्जी हस्ताक्षर कर एक लाख से अधिक का गबन, कार्रवाई के भय से फिर से खाते में जमा...
19-Sep-2022 2:45 PM
फर्जी हस्ताक्षर कर एक लाख से अधिक का गबन, कार्रवाई के भय से फिर से खाते में जमा...

वन मंत्री, कलेक्टर व वनमंडल अधिकारी से जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 19 सितंबर।
बड़ौदा क्षेत्र के जामपाली वन परिक्षेत्र में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। एक दैनिक वेतन भोगी ने समिति के खाता से वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, सचिव के बिना जानकारी के उनका फर्जी हस्ताक्षर कर एक लाख से अधिक राशि गबन किया था। बाद कार्रवाई के डर से उसी व्यक्ति के द्वारा पुन: राशि को खाता में जमा किया गया है। जिसकी शिकायत वन समिति के एक सदस्य ने वन मंत्री, कलेक्टर व वन मंडल अधिकारी महासमुंद से कर जांच कार्रवाई की मांग की है।

मालूम हो कि वन परिक्षेत्र में जंगल की सुरक्षा के लिए सुरक्षा श्रमिक रखा जाता है। सुरक्षा श्रमिकों से लिए गए कार्यानुरुप वन प्रबंधन समिति विभाग को मांग पत्र भेजती है। राशि स्वीकृत होने पर वन मंडलाधिकारी की ओर से श्रमिक भुगतान के लिए राशि आहरण की अनुमति दी जाती है। जामपाली परीक्षेत्र में राशि आहरण के जारी आदेश को एक दैनिक वेतन भोगी के द्वारा छेड़छाड़ कर एक आदेश से दो-दो बार राशि आहरण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम जामपाली वन परीक्षेत्र में वन प्रबंधन समिति को सुरक्षा व रखरखाव के लिए वनमंडलाधिकारी सामान्य वन मंडल महासमुंद के द्वारा 20.5.2020 को पत्र (क्रमांक1176) जारी कर समिति के खाता से श्रमिक भुगतान देने आदेश जारी किया गया था। जिसका वन प्रबंधन समिति के द्वारा 2.7.2020 को 60000 रू राशि आहरण किया गया। इसी पत्र को सुधार कर 20 मई 2021 दर्शाकर व राशि को 40000 रू अंकित कर एक दैनिक वेतन भोगी के द्वारा 02.02.2022 को 40000 रू निकाल लिया गया और एक अन्य आदेश पत्र क्रमांक 1406 आदेश दिनांक 21.04.2021 को राशि आहरण के लिए आदेश जारी हुआ था। वन प्रबंधन समिति के द्वारा 20 मई 2021 को 72850 रुपए आहरण किया गया था। उक्त पत्र क्रमांक से ही दोबारा 16.11.2021 को उसी दैनिक वेतन भोगी के द्वारा 72850 रुपए वन प्रबंधन समिति अध्यक्ष व सचिव का फर्जी हस्ताक्षर कर पुन:आहरण किया गया है।

इस तरह हुआ मामले का खुलासा
दरअसल वन समिति को केशबुक बनाने की आवश्यकता हुई और बैंक से आहरण पर्ची की मांग की गई और पासबुक एंट्री करवाया गया तो पता चला कि एक बार निकाली गई राशि दो-दो बार उल्लेख था और निकाली गई आहरण पर्ची में भी अध्यक्ष, सचिव का हस्ताक्षर मिलान नहीं खा रहा था। तभी उन्हें आहरण पर्ची में किए हस्ताक्षर से फर्जी होने का एहसास हुआ। पता चला कि एक दैनिक वेतन भोगी फर्जी तरीके से उनका हस्ताक्षर कर राशि आहरण कर लिया था। राशि आहरण के बाद उक्त व्यक्ति के खिलाफ शिकायत करने के बाद मामला गरमाया तो कार्रवाई के डर से दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी पुन: सभी राशि को खाता में जमा किया है। जिसकी शिकायत के बाद भी कार्रवाई ना होने पर वन समिति की स्थाई सदस्य जयलाल पटेल ने वन मंत्री कलेक्टर, वनमंडला अधिकारी को फर्जीवाडा कर राशि आहरण करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता जयलाल पटेल ने आरोप लगाते हुए कहा है कि वन विभाग बलौदा क्षेत्र में दैनिक वेतन भोगी के रूप में पदस्थ प्रकाश भोई के द्वारा वन प्रबंधन समिति अध्यक्ष विराट व सचिव मीना पटेल का फर्जी हस्ताक्षर कर सुरक्षा में रखरखाव के लिए खाता क्रमांक 2327679882 सेंट्रल बैंक बलौदा में जमा हुए राशि 112850 रू को, फर्जी तरीका से राशि निकाला गया है। उन्होंने आगे आरोप लगाते हुए कहा है कि फर्जी रूप से राशि आहरण करने वाले प्रकाश भोई पिता पंचानन भोई दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी पर घटना के 3 माह बीत जाने के बावजूद भी किसी तरह की कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। मामले में जल्द कार्रवाई ना होने पर मुख्यमंत्री से मिलकर फर्जीवाड़ा करने वाले के खिलाफ शिकायत करने की भी बात शिकायतकर्ता ने कही है।

इस संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी सरायपाली आरएल व्यवहार से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आया है, उक्त दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी को वन मंडल अधिकारी महासमुंद के आदेश पर कार्य से विमुक्त किया गया है। आगे जो भी दिशा निर्देश उच्च अधिकारियों से प्राप्त होगा, उस आधार पर कार्रवाई होगी।


अन्य पोस्ट