महासमुन्द
सीसी रोड व डामर रोड को भी उखाड़ कर बिछाया जा रहा पाइपलाइन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 17 सितंबर। ग्राम केजुवां में जल जीवन मिशन के तहत घर घर कनेक्शन दिए जाने पाइपलाइन विस्तारीकरण का कार्य चल रहा है, जिसमें ठेकेदार पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया जा रहा है, पाइप लाइन बिछाने सीसी रोड व हाल ही में हुए डामरीकरण को भी उखाड़ा गया है, पाइप लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे को समतलीकरण ना किए जाने से हादसे होने का भी खतरा मंडरा रहा है, बिना बोर खनन व टंकी का निर्माण किये पाइप लाइन बिछाने से ग्रामीणों की ओर से विरोध शुरू हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में बिछाए गए पाईप लाईन में आज तक पानी की सप्लाई नहीं हुई, और पुन: पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। ग्राम केजुवां के ग्रामीण गंगाराम चौहान,नीलकंठ नायक, दुर्योधन नायक, चैतन्य नायक, देवेंद्र नायक, रविशंकर नायक, मनोज पटेल, गोपाल नायक, अनिल केंवट आदि लोगों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत कराए जा रहे पाइपलाइन विस्तारीकरण का कार्य में गांव को अंधेरे में रखकर ठेकेदार द्वारा कार्य किया जा रहा है, बिना सूचना बोर्ड के घर घर कनेक्शन देने ठेकेदार ने काम शुरू कर दिया है कितना लाख रुपए में कार्य होना है कौन-कौन सा कार्य ठेकेदार द्वारा किया जाना है आदि जानकारी ग्रामीणों को नहीं है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि ठेकेदार बिना पानी टंकी निर्माण, बोर खनन किये पाइप लाइन का कार्य शुरू कर दिया है जबकि पूर्व में रोड के एक छोर पर पहले से ही पाइपलाइन विस्तारीकरण का कार्य हो चुका है, जिसमें आज तक ग्रामीणों को पानी नसीब नहीं हुआ है केवल पाइपलाइन शोपीस बनकर रह गया है, जबकि ग्रामीण पेयजल की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं, पेयजल के लिए पानी का कोई स्रोत ना होने के कारण निजी बोर व कुछ हैंडपंप पर ही ग्रामीण आश्रित है।
पाइप लाइन बिछाकर गड्ढे को समतल न करने से ग्रामीण कर रहे विरोध
ठेकेदार द्वारा विगत 10 दिनों से पाइपलाइन विस्तारीकरण का कार्य शुरू किया गया है, जो अब तक जारी है, जानकारी के मुताबिक 64 लाख रुपए में जीआरडी बिल्काम कंपनी को जल जीवन मिशन के तहत घर घर कनेक्शन देने का ठेका दिया गया है, ठेकेदार द्वारा 207 घरों में कनेक्शन दिया जाना है, लगभग 4 किलोमीटर तक चल रहे विस्तारीकरण में ठेकेदार द्वारा जेसीबी लगाकर सडक़ किनारे पाइप लाइन बिछाने का कार्य जारी है, लेकिन कई स्थानों पर सीसी रोड व डमरीकृत रोड को भी उखाड़ा जा रहा है और पाइप लाइन बिछाकर गड्ढे को समतल न करने से ग्रामीण पुरजोर विरोध भी कर रहे हैं।
पहले बिछाये पाइप लाइन में आज तक शुरू नहीं हुआ पानी सप्लाई
ग्रामीणों ने बताया कि विगत 7-8 साल पूर्व गलियों में कनेक्शन देने पाइप लाइन का विस्तारीकरण कार्य गांव में पहले भी हो चुका है, लेकिन पीएचई विभाग कनेक्शन में पानी सप्लाई करने में असफल रहा है, आखिर वही कार्य पुन: 8 साल बाद रोड़ के दूसरी छोर शुरू किया गया है, पहले से बिछाए पाइप लाइन में ग्रामीणों को आज तक पानी नसीब नहीं हुआ, और बिना पानी की व्यवस्था किये फिर से मुख्य गली के रोड़ के दूसरी छोर पाइप लाइन बिछाने का कार्य समझ से परे है।
घर-घर दिया जा रहा नल कनेक्शन-ठेकेदार
इस संबंध में निर्माण एजेंसी ठेकेदार ईश्वर सिन्हा ने बताया कि 9 माह में कार्य पूर्ण किया जाना है, 64 लाख रुपए की लागत से पाइप लाइन और पानी टंकी का निर्माण होना है,पाईपलाइन विस्तारीकरण में उखाड़े गए सभी कार्य का मरम्मत भी किया जाएगा,पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढे को पूर्ण रूप से इसलिए समतलीकरण नहीं किया जा रहा है, क्योंकि जैसे ही घरों में पानी आना शुरू होगा, किसी कनेक्शन में पानी नहीं आने की स्थिति में तत्काल खोद कर उसके कनेक्शन को ठीक किया जाएगा और अगर उक्त स्थान को कांक्रीट कर दिया जाए तो फाल्ट को ढूंढने में परेशानी होगी, वहीं दूसरी ओर बिछाए गए पाइप लाइन में भी जगह-जगह खोदकर लोगों को निजी कनेक्शन दिया जाएगा, बोर खनन का कार्य पीएचई विभाग का है, केवल टंकी निर्माण व घर-घर नल कनेक्शन देने पाइपलाइन विस्तारीकरण कार्य का हीं ठेका दिया गया है।