महासमुन्द

11 स्कूलों के बच्चे पढ़ रहे हवाई जहाज कैसे उड़ता है, जड़ता का सिद्धांत, परावर्तित नियम
17-Sep-2022 2:53 PM
11 स्कूलों के बच्चे पढ़ रहे हवाई जहाज कैसे उड़ता है, जड़ता का सिद्धांत, परावर्तित नियम

जान रहे कि नदियों और समुद्र में उठने वाले बवंडर, पवन चक्की क्या हैं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 सितम्बर।
हवाई जहाज कैसे उड़ता है, जड़ता का सिद्धांत, परावर्तित नियम, नदियों और समुद्र में उठने वाले बवडंर, पवन चक्की से बिजली बनने, हवा के दाब, गुरुत्वाकर्षण, रंगों के निर्माण सहित 80 मॉडल के जरिए जिले के 11 स्कूल के बच्चे अब विज्ञान के नियम को आसानी से समझ रहे हैं। इन 11 स्कूलों में 50 लाख रुपए की लागत से मिनी साइंस लैब बनाए गए हैं, जहां ये मॉडल प्रदर्शित हैं। शिक्षक दिवस 5 सितंबर से इन स्कूलों में साइंस लैब की शुरुआत हुई है। इसकी मदद से शिक्षक मॉडल बनाने के तरीके से लेकर विज्ञान का नियम इस पर कैसे काम करता है को बारीकी से समझा व सिखा रहे हैं।

मालूम हो कि साइंस व गणित लेकर पढ़ाई कर रहे बच्चों के लिए इन विषयों को अधिक रुचिकर बनाने के लिए ही मिनी साइंस लैब का निर्माण कराया गया है। बच्चों में पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी बढ़े और इन विषयों के प्रति अधिक जानकारी हो, ताकि विषय को लेकर रूचि खुद-ब-खुद पैदा हो। जिले के 11 हायर सेकेंडरी स्कूल सीएसआर फंड के तहत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने कराया है। स्टेम लर्निंग के जोनल मैनेजर तेजस्वी सिंह के मुताबिक मिनी साइंस लैब का उद्घाटन शिक्षक दिवस के अवसर पर किया गया है। इससे बच्चों की रुचि साइंस, गणित व तकनीक की ओर बढ़ाने में मदद मिलेगी। इन स्कूलों के साथ-साथ आसपास के अन्य स्कूलों के बच्चों को यहां बुलाकर विषय और मॉडल बनाने का तरीका भी सिखाया जाएगा।

कहा जा रहा है कि इस मिनी साइंस लैब के निर्माण से फिजिक्स, केमिस्ट्री का ज्ञान बढ़ेगा। साथ ही इस क्षेत्र में बढऩे के लिए मौका मिलेगा। इसके अलावा मॉडल बनाने में बच्चों को आसानी होगी। इस लैब में करीब 80 प्रकार के मॉडल स्थापित किए है, जिससे बच्चों को तकनीकी ज्ञान व मॉडल के संचालित होने की जानकारी मिलेगी। बहरहाल महासमुंद ब्लॉक से ग्राम बेलसोंडा स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल, तुमगांव स्थित भाटापारा हायर सेकेंडरी, भोरिंग, पिरदा हायर सेकेंडरी, पिथौरा ब्लॉक से रेमड़ा, गोपालपुर, किशनपुर, सावित्रीपुर, सांकरा हायर सेकेंडरी एवं सरायपाली से कनकेवा व सिंघोड़ा हायर सेकेंडरी स्कूल में मिनी साइंस लैब में बच्चे बढिय़ा तरीके से साइंस को समझ रहे हैं।
 


अन्य पोस्ट