महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 सितम्बर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफ ी के आरोप के साथ आगामी 24 सितंबर को भाजपाई महासमुंद विधानसभा स्तर पर गंगाजल जल के सम्मान में भाजपा मैदान में कार्यक्रम का आयोजन करेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा प्रदेश की कांग्रेस सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों और सफलता के लिए गुरूवार को जिला भाजपा कार्यालय में बैठक हुई। जिसमें पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। गंगाजल यात्रा के तहत 20, 21 व 22 सितंबर को प्रत्येक गांव में गंगा आरती होगी। इसके बाद 24 सितंबर को महासमुंद के पटवारी कार्यालय के पास सभा होगी।
इस सभा को पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह संबोधित करेंगे। महासमुंद विधानसभा के कुल 246 बूथ से गंगाजल से भरे कलश विरोध स्वरूप स्थानीय विधायक को भेंट किया जाएगा। भाजपाई याद दिलाएंगे की भूपेश सरकार ने गंगाजल को हाथ में लेकर कसम खाई थी कि सरकार बनने के बाद शराब को पूर्ण रूप से बंद करेंगे। युवाओं को बेरोजगारी भत्ता 2500 रुपए प्रतिमाह देंगे। महिला स्वसहायता समूह के सम्पूर्ण ऋण माफ करेंगे और निराश्रित पेंशन 1500 रुपए प्रदान करने जैसे वादे शामिल हैं। बैठक में जिला प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, जिलाध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी, जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, संजय शर्मा, उपाध्यक्ष पवन वर्मा, योगेश्वर राजू सिन्हा, मंत्री धरम साहू, मंडल प्रभारी पूर्व विधायक प्रीतम दीवान आदि शामिल थे।