महासमुन्द

राइस मिलर ने खुदकुशी करने वाले किसान की पत्नी को दिए साढ़े 3 लाख
16-Sep-2022 4:23 PM
राइस मिलर ने खुदकुशी करने वाले किसान की पत्नी को दिए साढ़े 3 लाख

कलेक्टर ने 15 दिनों के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था
‘छत्तीसगढ़’ संवादाता
महासमुंद, 16 सितम्बर।
राइस मिलर की धोखाधड़ी से परेशान बागबाहरा ब्लॉक के किसान की आत्महत्या के बाद हुए किसानों के आंदोलन से अब जिला प्रशासन भी सक्रिय हुआ है और कल गुरूवार को राइस मिलर ने आत्महत्या कर चुके किसान की पत्नी को 3 लाख 67 हजार 826 रुपए का चेक प्रदान किया। चेक प्रदान करने बागबाहरा एसडीएम भी मृतक किसान के घर पहुंचे। गौरतलब है कि तीन साल से अधिक समय होने के बाद भी कन्हारपुरी, बागबाहरा के किसान कांतिलाल को बजरंग इंडस्ट्रीज महासमुंद के संचालक बजरंग अग्रवाल ने बेचे गए धान का भुगतान नहीं किया था। पैसे की तंगी से परेशान होकर कांतिलाल ने पिछले महीने आत्महत्या कर लिया था। अन्य के भुगतान लंबित जागेश्वर चंद्राकर और तेजराम विद्रोही ने कहा कि मिलरों से भुगतान नहीं होने से जिले के लगभग सवा सौ किसान हैं, जिनका अलग-अलग खरीददारों से करीब तीन करोड़ रुपए का राशि भुगतान बाकी हैं।

मामले में आक्रोशित किसानों ने किसान संगठन के प्रमुख व जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर जुगनू चंद्राकर और संचालक मंडल सदस्य छग किसान मजदूर महासंघ तेजराम विद्रोही के साथ मंगलवार, 13 सितंबर को कलेक्टोरेट सहित पुलिस अधीक्षक व कृषि उपज मंडी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया था। अधिकारी नहीं मिले तो रात तक किसान कलेक्टोरेट परिसर में ही बैठे रहे। रात 1 बजे पुलिस ने आंदोलनकारियों को मंडी परिसर ले जाकर नजरबंद कर दिया। बुधवार दोपहर 1 बजे आंदोलनकारी किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ कलेक्टर निलेश क्षीरसागर, एएसपी आकाश राव गिरिपुंजे ने 45 मिनट तक चर्चा की और किसानों की सभी मांगों को मान लिया।

इस दौरान कलेक्टर ने 15 दिनों के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद प्रशासन ने मृतक किसान कांतिलाल साहू के परिवार के प्रति संवेदनशील होते हुए तत्परता से निर्णय लिए और बजरंग इंडस्ट्रीज के संचालक के माध्यम से किसान कांतिलाल के पत्नी भाला बाई साहू को उनके बेटे राकेश साहू की उपस्थिति में 3लाख, 67 हजार 826 रुपए का चेक प्रदान किया। इस दौरान एसडीएम बागबाहरा उमेश साहू, तहसीलदार रमेश महतो, फ र्म की ओर से सन्नी जैन आदि मौजूद थे। 


अन्य पोस्ट