महासमुन्द
71 करोड़ की लागत बनाए जा रहे आरओबी का निर्माण अब तक पूरा नहीं, 15 फीट की एप्रोच रोड पर अतिक्रमण जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 सितम्बर। शहर के हृदय स्थल पर तुमगांव चौक के पास निर्मित रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे बनने वाली सडक़ पर शिकायत के बाद कल गुरूवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व, सेतु निगम और पुलिस टीम को बैरंग लौटना पड़ा। कार्रवाई के दौरान वार्ड पार्षद ने भी अमले का विरोध करते हुए जेसीबी को रोक दिया। यह विवाद देर शाम तक चलता रहा। जिसके बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और आखिरकार टीम को बिना कार्रवाई लौटना पड़ा।
जानकारी अनुसार शहर के मध्य में निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे दोनों और 15-15 फीट का एप्रोच रोड बनाया जाना है। रोड बनने से पहले ही उस पर अतिक्रमण किया जा रहा है। एक मंदिर का भी निर्माण इसी रोड पर स्थानीय लोगों के द्वारा किया गया है। कल गुरूवार की सुबह इस इलाके से अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व सेतु निगम और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान अतिक्रमण हटाने का विरोध शुरू हो गया। गहमागहमी के बीच वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद सरला गोलू मदनकार भी पहुंची और अतिक्रमण हटाने आए दस्ते के जेसीबी के सामने अवरोध बनकर खड़ी हो गईं।
इस तरह घंटों अतिक्रमण हटाने को लेकर विवाद चलता रहा। मंदिर को लेकर चल रहे विवाद की सूचना फैलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए।
विवाद के बीच कोई रास्ता नहीं निकल पाया। टीम की ओर से किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं की जा सकी। मालूम हो कि साल 2017 से रायपुर विशाखापटनम रेल मार्ग पर 71 करोड़ की लागत बनाए जा रहे आरओबी का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो पाया है। इसके नीचे बनने वाली 15 फ ीट की एप्रोच रोड पर अतिक्रमण भी होने लगा है।