महासमुन्द

उधारी के राशन से चल रहा है स्कूलों में मध्यान्ह भोजन, आर्थिक परेशानी से जूझ रहे समूह
15-Sep-2022 10:18 PM
उधारी के राशन से चल रहा है स्कूलों में मध्यान्ह भोजन, आर्थिक परेशानी से जूझ रहे समूह

नया शिक्षा सत्र 3 माह बीते, अब तक समूह को नहीं मिली है राशि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सरायपाली, 15 सितंबर। नए शिक्षा सत्र प्रारंभ होने के पश्चात से अभी तक प्राथमिक,मिडिल में स्व सहायता समूह, प्रधान पाठकों के द्वारा संचालित किये जा रहे मध्यान्ह भोजन की राशि 3 माह बीत जाने के बात भी समूहों के खाता में राशि जमा नहीं हुई है। उधारी के राशन से स्कूलों में मध्यान्ह भोजन संचालित किया जा रहा है और समूह को आर्थिक परेशानियों से भी जूझना पड़ रहा है।

इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश मांझी ने बताया कि उच्च कार्यालय से आवंटन अप्राप्त है,इसी कारण मध्यान्ह भोजन की राशि समूह खाता में जमा नहीं हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार ब्लॉक में 257 शासकीय प्राथमिक शाला स्कूल संचालित है, जिसमें अनुदान प्राप्त,मदरसा,आश्रम भी शामिल है,इनमें से 175 स्कूलों में स्व सहायता समूह व 82 स्कूलों में प्रधान पाठक मध्यान्ह भोजन का संचालन कर रहे हैं, इसी तरह मिडिल स्कूल की बात करें, मदरसा,मिशन कुटेला स्कूल को मिलाकर 93 स्कूल हैं, इन स्कूलों में से 69 स्थानों पर स्व सहायता समूह व 24 स्कूलों में प्रधान पाठक के द्वारा मध्यान्ह भोजन संचालित किया जा रहा है। इस तरह पूरे ब्लॉक में 350 स्कूलों में प्रधान पाठक व स्व सहायता समूह के द्वारा मध्यान्ह भोजन चलाया जा रहा है, नए शिक्षा सत्र 16 जून से 13 सितंबर तक समूह को अभी तक मध्यान्ह भोजन की राशि प्राप्त नहीं हुई है, स्व सहायता समूह और प्रधान पाठक मध्यान्ह भोजन की राशि के लिए इन दिनों विकास खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, कुछ मध्यान्ह भोजन चलाने वाले संचालकों ने बताया कि एक माह की बात होती तो अलग बात है विगत तीन माह मध्यान्ह भोजन की राशि जमा नहीं हो रही है, जिससे प्रतिदिन दैनिक राशन सामग्री जुटाने में भारी मशक्कत करना पड़ रहा है, महंगाई इतनी बढ़ गई है कि मध्यान्ह भोजन की बात तो दूर स्वयं घर के राशन को उनको प्रतिदिन व्यवस्था करना भारी पड़ रहा  है,समूह का आय का कोई स्रोत ना होने केवल मध्यान्ह भोजन से ही प्राप्त राशि से ही मध्यान्ह भोजन संचालित किया जाता है, ऐसी स्थिति में तीन माह कि राशि जमा न होने से जैसे-तैसे कर चिर-परिचित के दुकानों से उधारी से राशन लाकर मध्यान्ह भोजन चलाने के लिए मजबूर हैं। इसके अलावा भोजन बनाने वाले रसोइयों को भी विगत दो माह से मानदेय नहीं मिलने की बात सामने आ रही है, इस तरह भोजन बनाने वाले मध्यान्ह भोजन चलाने वाले इन दिनों शासन से राशि ना मिलने से काफी परेशान है।

बढ़ गई महंगाई लेकिन बच्चों के खर्च में नहीं हुई बढ़ोतरी

मध्यान्ह भोजन संचालकों की ओर से मांग उठने लगी है कि महंगाई बढऩे के साथ ही प्रत्येक बच्चा को शासन की ओर से जारी राशि में बढ़ोतरी हो, वर्तमान में प्राथमिक स्कूल के विद्यार्थी के लिए प्रति सदस्य  5.89 पैसा,मिडिल स्कूल के विद्यार्थियों के लिए 6.12 पैसा मध्यान्ह भोजन के नाम पर शासन से आबंटित होता है। जबकि इतनी ही राशि में मध्यान्ह भोजन संचालकों को प्राथमिक के विद्यार्थियों को दाल, चावल, हरी सब्जी, पापड़,अचार वेज पुलाव यहां तक का शनिवार को दूध के साथ खीर व अंकुरित चना भी दिया जाना है। इसके अलावा मौसम अनुसार फाल, गुड़, चना भी देना है, जबकि उच्च प्राथमिक के विद्यार्थियों को चावल,सांभर दाल,हरी सब्जी, पापड़ फ्राई दाल आदि दिया जाना शामिल है।


अन्य पोस्ट