महासमुन्द

सरपंचों की हड़ताल से प्रमाण पत्र बनवाने भटक रहे ग्रामीण
15-Sep-2022 4:16 PM
सरपंचों की हड़ताल से प्रमाण पत्र बनवाने भटक रहे ग्रामीण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा,  15 सितंबर।
प्रदेश में सरपंचों की हड़ताल को कोई पखवाड़ा भर से अधिक समय बीत गया परन्तु शासन द्वारा पंचायत स्तर पर कोई वैकल्पिक व्यवस्था नही किये जाने के कारण अब ग्रामीणों को आवश्यक प्रमाणपत्र आदि बनवाने के लिए परेशानी होने लगी है।ज्ञात हो कि सरपंचों की हड़ताल के बाद भी शासन द्वारा किसी को प्रशासनिक अधिकार नही देने के कारण पंचायतों में ग्रामसभा की बैठकें नही हो पा रही है।

अपनी मांगों की लंबी सूची के साथ हड़ताल में कूदे सरपंचों की पंचायत कार्य मे अनुपस्थिति का असर अब दिखने लगा है।ग्रामीण ग्राम सभा मे प्रस्ताव नही करवा पाने के कारण खासे परेशान हो रहे है। पूर्व में सरपंचों के किसी आंदोलन या पद छोडऩे पर तत्काल उपसरपंच या सचिव को पंचायत का कामकाज संभालने की जिम्मेदारी दी दी जाती थी जिससे पंचायतों के माध्यम से होने वाले कार्यो में रुकावट नही आती थी और ग्रामीणों का कार्य आसानी से होता रहता था। परन्तु इस बार की सरपंच हड़ताल में शासन प्रशासन ने ग्रामीणों की समस्याओं से पूरी तरह आंखे मुन्द ली है।और सरपंच हड़ताल को पखवाड़े भर से अधिक समय होने के बाद भी वैकल्पिक व्यवस्था करने की बजाय मात्र हड़ताल पर नजर बनाए रखने का कार्य कर रही है।

उपसरपंच या सचिव को अधिकृत करने मांग
सरपंचों की हड़ताल से मात्र ग्राम सभा की बैठक के प्रस्ताव के कारण रुके कार्यो के अलावा विकास कार्य सहित ग्रामो में चले कार्यो के भुगतान भी सरपंचों की हड़ताल के कारण थम गये है।इस सम्बन्ध मे ग्रामीणों से चर्चा करने पर कुछ ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर बताया कि यदि सरपंच एक दो दिन के लिए भी बाहर जाए तो उसका प्रभार सचिव या उपसरपंच को दे कर कार्यो की गति थमने नही दी जाती परन्तु अभी की सरपंच हड़ताल में पूरा काम थमा देखकर भी शासन प्रशासन का कार्य अनवरत जारी रखने के लिए उपसरपंच या सचिव को अधिकृत नही किये जाने से शासन प्रशासन के प्रति ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

2 अक्टूबर को ग्रामसभा अनिवार्य
पंचायती राज में गांधी जयंती दो अक्टूबर को प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्रामसभा करना अनिवार्य है।परन्तु लंबे समय से सरपंचों की चल रही हड़ताल, पंचायत की बैठकों हेतु शासन द्वारा किसी को अधिकृत नही किये जाने से गांधी जयंती के दिन भी ग्रामसभा की बैठक होगी या नही इस पर संसय की स्थिति बनी हुई है।जबकि गांधी जयंती अब से मात्र पखवाड़े भर ही दूर है।


अन्य पोस्ट