महासमुन्द

मृत किसान के परिवार को दस दिनों में बकाया राशि-उचित मुआवजा भी
15-Sep-2022 4:16 PM
मृत किसान के परिवार को दस दिनों में बकाया राशि-उचित मुआवजा भी

किसानों से कलेक्टर-एएसपी ने की चर्चा, सारी मांगें मंजूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 सितंबर।
उपज की भुगतान को लेकर परेशान किसान जागेश्वर जुगनू चन्द्राकर, तेजराम विद्रोही, पवन चन्द्राकर, तिलकराम साहू, मोतीलाल भोई, अजय साहू, टिकेश्वर प्रधान, मनोरंजन बरिहा, मदन प्रधान, हेमसागर प्रधान से कल कलेक्टर और उप पुलिस अधीक्षक ने मुलाकात की। उनकी समस्याओं से अवगत होने के बाद किसानों की सारी मांगें मान ली गई।

मालूम हो कि 13-14 सितंबर की दरमियानी रात इन किसानों को कलेक्ट्रेट गेट से गिरफ्तार कर रात्रि 1 बजे मंडी प्रांगण में नजर बंद कर दिया गया था। अब जिला प्रशासन ने कहा है कि  मृत किसान कांतिलाल के परिवार को दस दिनों में बकाया राशि की भुगतान और उचित मुआवजा राशि मिल जाएगी और दोषी व्यापारियों के चल अचल संपत्ति को नीलाम कर किसानों को बकाया राशि का भुदतान भी कर दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने कहा है कि दोषियों पर धारा 420, 467, 468, 34 के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

गौरतलब है कि मृतक किसान कांतिलाल साहू के बकाया राशि की भुगतान की मांग को लेकर क्षेत्र के किसान छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ एवं किसान भुगतान संघर्ष समिति महासमुंद के बैनर तले 13 सितंबर को कृषि उपज मंडी समिति महासमुंद प्रांगण में एकजुट हुए थे। रैली निकालकर कृषि उपज मंडी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया कर कलेक्टर को पत्र सौंपने गए थे लेकिन कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक नहीं मिलने से किसान रात को कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के पास रुक गए थे। रात्रि 12 बजे जागेश्वर जुगनू चन्द्राकर, तेजराम विद्रोही, पवन चन्द्राकर, तिलकराम साहू, मोतीलाल भोई, अजय साहू, टिकेश्वर प्रधान, मनोरंजन बरिहा, मदन प्रधान, हेमसागर प्रधान को कलेक्ट्रेट गेट से गिरफ्तार कर रात्रि 1 बजे मंडी प्रांगण में नजर बंद कर दिया गया था। 14 तारीख की दोपहर 1 बजे आंदोलनकारियों किसानों के साथ महासमुंद कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर,उप पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरिपुंजे की 45 मिनट तक चर्चा हुई और किसानों के सभी मांगों को मान लिया गया है। अधिकारियों ने 15 दिन के भीतर कार्यवाही पूरी करने की बात कही है।
 


अन्य पोस्ट