महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 सितम्बर। छग राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए जन सुनवाई की। इस मौके जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, आयोग की सदस्य डा.अनिता रावटे, जिला महिला बाल विकास अधिकारी समीर पांडेय सहित पूरे जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अध्यक्ष डॉ.किरणमयी नायक ने शिकायतों को गम्भीरता से सुना। पिछले प्रकरणों की सुनवाई की भी जानकारी ली।
मंगलवार को 25 प्रकरणों की जन सुनवाई हुई, जिसमें 18 प्रकरणों का निराकरण मौके पर हुआ। सात प्रकरण नस्तीबद्ध किए गए। कुछ आवेदकों को काउंसलिंग और समझाइश देकर शिकायतों को सुलझाया गया। पिछले प्रकरण की सुनवाई के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल की निगरानी और समझौते, उनका मत लेकर दोनों पक्षों को एक साथ रहने की सहमति हुई।
इस दौरान आयोग अध्यक्ष डॉ.किरणमयी नायक ने अधिकारियों से कहा कि महिलाओं की परिवेदनाएं सुनकर संबंधित अधिकारी मौके पर ही समस्या का समाधान करें। लोगों के समस्या और शिकायतों का समय पर निराकरण होना चाहिए। राज्य सरकार की ओर से आम जन के लिए एक से बढक़र एक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। पात्र लोगों को खासकर महिलाओं को योजना का लाभ और बेहतर ढंग से मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि महिला उत्पीडऩ से जुड़े मामलों में महिलाओं को आगे आना चाहिए और अपनी हक की बात कहनी चाहिए।
नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग एवं पार्षदों ने महासमुंद महिला आयोग के प्रकरणों की सुनवाई में आये राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष किरणमयी नायक और महिला आयोग सदस्य अनीता रावटे का नगर पालिका आगमन पर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान डॉ नायक ने अध्यक्ष से सभाकक्ष कक्ष में नगर पालिका से जुड़े कामकाज पर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, सभापति व पार्षद पवन पटेल, हफीज कुरैशी, मंगेश टांकसाले, मीना वर्मा, शोभना यादव, एल्डरमेन अनवर हुसैन, एरिश अनवर,सगनजोत सिंह, सीएमओ आशीष तिवारी सहित पालिका कर्मचारी मौजूद थे।