महासमुन्द
एसपी कार्यालय का घेराव, कार्रवाई की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 सितंबर। कोतवाली थाना में झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने वाले ग्राम बकमा के चंद्रपाल चंद्राकर के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। बकमा के ग्रामीण अपनी मांग को लेकर एसपी कार्यालय का घेराव किया और झूठी रिपोर्ट को खारिज करने एवं रिपोर्ट दर्ज कराने वाले पर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कल एसपी कार्यालय के सामने बैठ गए।
ग्रामीणों को पुलिस बल ने कलेक्टोरेट के पीछे गेट में रोकने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस से झूमाझटकी कर दरवाजा खोलकर प्रवेश किए और एसपी कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हैं। चंदू चंद्राकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए देर रात तक बैठे रहे। बाद में ज्ञापन सौंपकर चले गए।
ग्रामीण पुनऊ राम, गंगाराम निर्मलकर आदि ने आरोप लगाते बताया कि गांव के महेश ध्रुव उनके पुत्र नाबालिग युवराज ध्रुव, राहुल यादव व संजय यादव के खिलाफ चंद्रपाल चंद्राकर उर्फ चंदू चंद्राकर ने सिटी कोतवाली में झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चंदू चंद्राकर के द्वारा गांव के खेमराज ध्रुव (16) को पुलिस कर्मी की उपस्थिति में पीटा और उसे पुलिस की गाड़ी तक ले गया। मारपीट करने से उसे गंभीर चोट आई है। वहीं उन्होंने गांव के वरिष्ठ नागरिक गंगाराम निर्मलकर के साथ अभद्र व्यवहार किया एवं देख लेने की धमकी दी।