महासमुन्द

ओडिशा से महासमुंद के रास्ते गांजा ले जाते राजस्थान के 2 गिरफ्तार
12-Sep-2022 5:17 PM
ओडिशा से महासमुंद के रास्ते गांजा ले जाते राजस्थान के  2 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 सितम्बर।
बसना पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को 22 किलो गांजे के साथ पकड़ा है। दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर महासमुंद के रास्ते राजस्थान ले जा रहे थे। 

शनिवार को ग्राम पलसापाली बैरियर पदमपुर रोड में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान ओडिशा पदमपुर रोड की तरफ  से एक संदिग्ध कार को रोका गया। कार में दो व्यक्ति सवार थे। कार की तलाशी लेने पर उसमें से सफेद रंग की बोरी में 22 किलो गांजा मिला। जिसकी कीमत 4.40 लाख रुपए बताई गई है।
 

कार्रवाई में तस्कर कुंज बिहारी पंकज (35), फतेहपुर थाना जिला बारां राजस्थान व रोहित मेहरा (30),  वार्ड नं. 9 झालावाड़ थाना व जिला झालावाड़ राजस्थान को गिरफ्तार कर उनके पास से मादक पदार्थ के अलावा तस्करी में प्रयुक्त कार, दो मोबाइल व 1270 रुपए जब्त किए। आरोपियों को धारा 20 ख 29 एनडीपीएस  एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। 

 


अन्य पोस्ट