महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 10 सितंबर। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन विकासखंड पिथौरा के बैठक में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान हेतु डोलामणि साहू को सम्मानित किया गया। बैठक में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के एकजुटता और प्रबंधन की भी समीक्षा की गई एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया।
मिली जानकारी के अनुसार उपस्थित विभिन्न कर्मचारी संगठन के प्रमुखों और सक्रिय सदस्यों के बीच फेडरेशन के संयोजक उमेश दीक्षित के नेतृत्व पर पूर्ण आस्था व्यक्त करते हुए भविष्य में भी संगठन एकता दिखाने का कीर्तिमान बनाने हेतु संकल्प लिया गया। कोषाध्यक्ष पुनीत सिन्हा ने आय व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जिन्हें ध्वनि मत से पारित किया गया। इसके बाद फेडरेशन के सक्रिय सदस्य डोलामणि साहू को राज्य शिक्षक पुरस्कार 2022 हेतु चयन होने पर फ़ेडरेशन के द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। राज्य स्तरीय सम्मान मिलने के पूर्व सम्मानित हुए शिक्षक डोलामणि साहू ने इस उपलब्धि पर अपना अनुभव बाँटते हुए प्रसन्नता व्यक्त कर इस सम्मान कार्यक्रम के लिए सभी सदस्यों का आभार माना। फ़ेडरेशन के संयोजक उमेश दीक्षित ने शुभकामनाएं देते हुए सभी संघों के नेतृत्व कौशल की जमकर तारीफ़ की। कार्यक्रम का संचालन द्वारिका पटेल अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग अधिकारी कर्मचारी संघ ने किया। आभार प्रदर्शन सुशील चौधरी ने किया।