महासमुन्द
आतिशबाजी-डीजे की धुन के साथ विदा हुए गणपति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 सितम्बर। पूरे 10 दिनों तक श्री गणेश की सेवा करने के बाद आज भक्तों ने नम आंखों से गणपति बप्पा को विदाई दी। कल हवन पूजन के बाद शहर की सडक़ों पर आतिशबाजी, डीजे की धुन के साथ गणपति बप्पा मोरिया..अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों की गूंज सुनाई देने लगी थी। कल देर रात तक विसर्जन का कार्यक्रम जारी रहा। इस दौरान हल्की बारिस भी हुई। बारिश के बीच श्रद्धालु थिरकते रहे। पितृपक्ष की छाया आज 10 सितंबर से लगी है। आज ही पंचक भी लग रहा है। इसलिए अधिकांश लोगों ने कल ही 9 सितंबर को हवन पूजन कर प्रतिमाओं को विसर्जित किया।
हर साल की तरह इस वर्ष भी पालिका ने तुमडबरी को विसर्जन के लिए चिन्हित किया था। शहर की सारी प्रतिमाएं तुमडबरी में विसर्जित की गईं। दिन भर शहर में डीजे.धुमाल की धुन पर प्रतिमाओं का विसर्जन-शोभायात्रा जारी रहा। घरों में विराजित छोटी प्रतिमाओंं का विसर्जन लोगों ने आसपास स्थित तालाबों में किया। लिहाजा महामाया तालाब, टामकी तालाब, बंधवा, शीतला व गुडरूपारा तालाब में छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
गणेशोत्सव समिति ने किया डीजे डांस प्रतियोगिता का आयोजन
बीती रात जिले के मुस्की गांव में गणेशोत्सव समिति की ओर से डीजे डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव के बच्चों ने डीजे की धुन में डांस किया। इस दौरान कमलेश ध्रुव ने मंच संचालन करते हुए कविता, शायरी, चुटकुले से सभी दर्शकों का मन मोह लिया। इसी तरह ग्राम बिरकोनी में कल शुक्रवार को जगह-जगह सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति में हवन.पूजन व भंडारा का आयोजन किया गया। इसके अलावा श्रद्धालुओं द्वारा घरों में विराजित गणेश प्रतिमा की पूजा अर्चना कर हवन.पूजन में पूर्णाहुति दी।
यहां सुभाष चौक नवोदय समिति व सरस्वती चौक, भाटापारा साहू छत्रावास, अमर चौक, बाजार चौक में महाप्रसादी का वितरण किया गया। सिद्धि विनायक गणेश उत्सव समिति में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी गणेश उत्सव में धार्मिक अनुष्ठान के साथ भजन कीर्तन का आयोजन चलता रहा। सुबह से ही चौराहे में रंगोली सजा कर गणेश प्रतिमा के समक्ष भव्य आकर्षक चित्रण प्रस्तुत किया गया। भगवान गणेश की आराधना पूर्ण श्रद्धा एवं विधि विधान के साथ की गई। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। पुरोहितों ने वैदिक मंत्रों से इस परम्परा का निर्वहन किया।