महासमुन्द

किसान परिवार का हुक्का-पानी बंद
09-Sep-2022 4:48 PM
किसान परिवार का हुक्का-पानी बंद

दुकानदार राशन नहीं दे रहा, बच्चों से सहपाठी बात नहीं करते

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 सितम्बर।
जिले के कछारडीह में गांव वालों ने एक किसान परिवार का बहिष्कार कर उसका हुक्का-पानी बंद कर दिया है। और तो और दुकानदारों ने उस परिवार को राशन देना भी बंद कर दिया है। यहां तक गांव वाले उनके बच्चों से बात नहीं करते और ऐलान कर दिया गया है कि यदि गांल का कोई भी व्यक्ति उस परिवार से बात करता है तो उसे 6000 रुपए जुर्माना देना पड़ेगा। पीडि़त परिवार के मुताबिक उनके बच्चों से स्कूल में सहपाठी भी बात नहीं कर रहे हैं। बहिष्कार के बाद पीडि़त परिवार न्याय पाने की आस में जिला मुख्यालय आकर अधिकारियों के दफ्तरों का चक्कर काट रहा है।

पखवाड़े भर से पीडि़त यह किसान दंपत्ति लेखराम साहू और ठनेश्वरी साहू कल जिला मुख्यालय में भटकते मिले। उन्होंने बताया कि वे बागबहरा तहसील चौकी टूहलू थाना कामाखान अंतर्गत कछारडीह गांव के रहने वाले हैं। उनका 4 बच्चों सहित 6 लोगों का परिवार है।

कछारडीह में ठनेश्वरी साहू के नाम पर खसरा नंबर 25 रकबा 2 एकड़ 7 डिसमिल जमीन राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है। उक्त जमीन पर गांव के लकेश साहू ने जबरन कब्जा कर मकान बना लिया है। इसकी शिकायत उन्होंने चौकी टूहलू थाना कोमाखान में 21 अक्टूबर को की थी मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पीडि़त किसान लेखराम साहू ने बताया कि गांव में उनके खिलाफ  माहौल बनाने के लिए सरपंच की सह पर एक बैठक लेकर यह निर्धारित किया गया है कि उनके परिवार के किसी भी सदस्य से कोई बात करता है तो उसे 6 हजार रुपए जुर्माना भरना होगा। जिसके चलते उनके परिवार से गांव का कोई भी व्यक्ति बात करने को तैयार नहीं है। साथ ही दुकानदार भी उन्हें सामान देने से मना कर रहा है।

हालात यह है कि स्कूल में उनके बच्चों के साथ पढऩे वाले सहपाठी भी उनसे बात नहीं करते। किसान परिवार ने इस संबंध में चौकी टूहलू, थाना कोमाखान में शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में चौकी टूहलू के प्रभारी राम भजन सिन्हा ने कहा कि अब तक उनके पास शिकायत की कॉपी नहीं पहुंची है। यदि पीडि़त परिवार ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की है तो उनके निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट