महासमुन्द

कोडार क्षेत्र डूबान में बसे झिलमिला-ओडार के किसानों को अब तक नहीं मिली अंतर की राशि
09-Sep-2022 3:04 PM
कोडार क्षेत्र डूबान में बसे झिलमिला-ओडार के किसानों को अब तक नहीं मिली अंतर की राशि

60 से अधिक किसानों ने समर्थन मूल्य में बेचा था धान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 सितम्बर।
समर्थन मूल्य में अपने धान बेचने वाले जिले के कई किसानों को अंतर की राशि का लाभ राजीव गांधी न्याय योजना के तहत नहीं मिला है। अन्य किसानों को दो बार उनके खाते में राशि जमा कर दी गई है, लेकिन जिले के दो गांव ऐसे हैं, जिनका लाभ यहां के किसानों को नहीं मिल रहा है। ये किसान सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट-काटकर थक चुके हैं। जानकारी मिली है कि ये किसान अस्थाई पट्टे पर धान बोते हैं। लेकिन इसकी सूची सहकारी समिति को पात्र करके भेजी गई है। ये किसान कोडार के डूबान क्षेत्र के एरिया में जल संसाधन की भूमि पर खेती करते हैं।

जानकारी अनुसार कोडार जलाशय क्षेत्र के डूबान एरिया के ग्राम झिलमिला व ओडार के किसानों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। डूबान एरिया के करीब 60 से अधिक किसान इस योजना से वंचित हैं। इन्हें 2021-22 में समर्थन मूल्य में बेचे गए धान की अंतर की राशि नहीं मिली है। किसान राशि के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं संबंधित अधिकारी भी इस योजना का लाभ नहीं दिला पा रहे हैं।

किसानों ने बताया कि कोडार जलाशय के डूबान क्षेत्र में आने वाले किसान सिंचाई विभाग द्वारा जारी अस्थाई पट्टे पर धान बोते हैं। हर साल धान बेचने के लिए पट्टटे का पंजीयन होता है और सहकारी समिति को इसकी सूची राजस्व विभाग भेजता है। इस सूची के आधार पर समर्थन मूल्य में धान विक्रय करते हैं। झिलमिला गांव के किसानों को 57ण्84 हेक्टेयर में अस्थाई पट्टा व ओडार के किसानों को 17.60 को पट्टा दिया गया है। खरीफ सीजन में किसानों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान भी बेचा था। समर्थन मूल्य के अंतर की राशि अब तक किसानों को नहीं मिली है। वे अधिकारियों को भी इस बारे में अवगत करा चुके हैं।

किसान चमन लाल, भानूराम, संतराम, भारत दीवान ने बताया कि पूर्व में अंतर की राशि का लाभ क्षेत्र के किसानों को मिल रहा था। पिछले साल इस योजना का लाभ मिला था। लेकिन इस साल नहीं मिला है। इस बार उन्होंने जल संसाधन व कलेक्टर से इसके बारे में जानकारी दी है। लेकिन आज तक न तो कलेक्टर ने इसका लाभ दिलाया और ना ही जल संसाधन विभाग के अधिकारी ने। वहीं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी मूकदर्शक बनकर बैठेे हुए हैं। इस बात की जानकारी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी है।


अन्य पोस्ट