महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 सितम्बर। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी महासमुंद को जिले के सरकारी बकायादारों से बिजली बिल वसूलने में अधिकारियों को एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ रहा है। यही वजह है कि बिजली विभाग अब कलेक्टर की शरण में है। हालांकि आम उपभोक्ताओं से वसूली के लिए भी अब सख्ती बरती जा रही है। महासमुंद जिले में घरेलू उपभोक्ताओं में बिजली बिल हाफ योजना के प्रति जागरूकता का भी अभाव देखा जा रहा है जिसकी वजह से उन्हें सरचार्ज के रूप में बिजली बिल आ रहा है और समय पर बिल अदा नहीं करने की वजह से योजना का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।
मालूम हो कि कोरोना काल में बिजली बिल बकायादारों पर बरती गई रियायत ने बिजली विभाग की वसूली व्यवस्था को ही चरमरा कर रख दिया है। कोरोना के दौरान बकाया होने के बाद भी लाइन काटने या एफआईआर जैसी कार्रवाई विद्युत वितरण कंपनी ने नहीं की।
कोरोना काल की यही ढिलाई अब विद्युत वितरण कंपनी के लिए गले की फांस बन गई है। कोरोना की तीनों लहर के दौरान बकाया बिजली में बेतहाशा वृद्धि हुई है। अगस्त माह में कार्रवाई कर घरेलू उपभोक्ताओं में ऐसे बकायादार जिनका 50 हजार से 1 लाख रुपए के ऊपर का बिजली बिल लंबित है, अब तक ऐसे 144 लोगों का कनेक्शन काटा जा चुका है।
विभागीय जानकारी अनुसार अगस्त 2021 में बकाया बिजली बिल 200 करोड़ रुपए था। अगस्त 2022 की स्थिति में 246 करोड़ तक बिल हो गया है। इस बकाया बिजली के बिल में 136 करोड़ रुपए घरेलू उपभोक्ताओं के है। जिलेभर के नगरीय निकाय पर 20 करोड़ का बिजली बिल बकाया है जिसमें से 4 करोड़ केवल महासमुंद नगर पालिका का है।
सरकार छत्तीसगढ़ में बिजली बिल हाफ जैसी महत्वपूर्ण योजना लागू है जिसके तहत 400 यूनिट तक के बिजली खपत पर आधा बिल ही भुगतान करना है जो उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की योजना है। बकाया बिजली बिल पर कंपनी हर माह सरचार्ज जोड़ रही है। ऐसे में उपभोक्ता जब पकड़ में आ रहे हैं तो उस वक्त कार्रवाई के दौरान मजबूरन बिजली बिल नभर रहे हैं।
महासमुंद के अधीक्षण अभियंता पीएल सिदार के मुताबिक सरकारी विभागों में फंड की कमी की वजह से बिजली बिल का भुगतान लंबित है। इस संबंध में कलेक्टर को पत्र व्यवहार के माध्यम से अवगत कराया गया है। इसके बाद कलेक्टर ने टीएल की बैठक के दौरान सभी विभागों को बिजली बिल के शीघ्र भुगतान के लिए निर्देशित किया है।