महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 सितम्बर। शराबबंदी को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रदर्शन करने मंगलवार को दलदली रोड स्थित शराब दुकान पहुंची और उन्होंने दुकान बंद करा विरोध प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन खत्म होते ही शराब दुकान फिर से खोल दी गई। मालूम हो कि भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत के निर्देशानुसार महासमुंद जिला अध्यक्ष कौशल्या बंसल के नेतृत्व में शराबबंदी के मुद्दे को लेकर एक बार फिर पूरे प्रदेश में भाजपा महिला मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया है। सरकार को चुनावी वादा याद दिलाते हुए भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने जिले के देशी एवं विदेशी शराब दुकानों को बंद कराते हुए प्रदर्शन किया।
महिला मोर्चा का आरोप है कि भूपेश सरकार शराब बेचकर लोगों के घरों को बर्बाद कर रही है। हाथों में तख्ती लेकर उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं का आरोप है कि चुनाव के पहले कांग्रेस ने हाथों में गंगाजल लेकर सरकार बनने पर पूर्ण शराबबंदी करने का वादा किया था। लेकिन सरकार बनते ही कांग्रेस वादे को भूल गई और खुद शराब बेचने में जुट गई। इनका कहना है कि शराब के कारण सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को होती है। पति शराब पीकर घर आता है और विवाद के साथ ही मारपीट करता है।
महिलाओं के प्रदर्शन के कारण काफ ी समय तक शराब दुकान बंद रही। जब तक प्रदर्शन चला तब तक दुकान के शटर बंद रहे। जिलाध्यक्ष कौशल्या बंसल ने कहा कि उनका यह प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान जिला मंत्री निरंजना शर्मा, जिला उपाध्यक्ष राजेश्वरी तिवारी, सांसद प्रतिनिधि सुधा साहू, मंडल अध्यक्ष शुुभ्रा शर्मा, मोहन साहू, मनीष बंसल, पार्षद हेमलता यादव, उत्तरा प्रहरे, मधु यादव, उषा पाल, सुनीता साहू, भगवती करकसे, सीता डोडेकर, गोपी कन्नोजे, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष नंदू जलछत्री, कादर राजपूत, अमन वर्मा, अमित साहू, जतिन रूपरेला, चंद्रशेखर बेलदार बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।