महासमुन्द

जिला वनोपज संघ के चुनाव को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे हितेश
04-Sep-2022 3:01 PM
जिला वनोपज संघ के चुनाव को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे हितेश

आरोप-डीओफओ और चुनाव अधिकारी कर रहे प्रभावित

महासमुंद,4 सितम्बर। जिला वनोपज संघ के चुनाव के दौरान वन मंडल अधिकारी पंकज राजपूत व निर्वाचन अधिकारी पर चुनाव को प्रभावित  करने का आरोप वनोपज संघ के प्रत्याशी व पूर्व जिला वनोपज संघ अध्यक्ष हितेश चंद्राकर ने शनिवार को पत्रकार वार्ता के दौरान लगाया है।

उन्होंने वन मंडल अधिकारी और प्रशासनिक व्यवस्था पर जमकर भड़ास निकाला और कई गंभीर आरोप भी लगाए। यह भी कहा कि इस निर्वाचन को उनके द्वारा हाईकोर्ट में चुनौती दी जा रही है ताकि निर्वाचन को निरस्त किया जा सके।
उन्होंने सवाल उठाते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि 12 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के संचालक मंडल को 24 अगस्त को अवैध तरीके से निलंबित कर दिया गया। निलंबन उपरांत समिति के प्रतिनिधियों को अपात्र करने पत्र राज्य सहकारी निर्वाचन आयोग को न भेजकर षड्यंत्रपूर्वक जिला निर्वाचन अधिकारी को सीधा प्रेषित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राज्य निर्वाचन आयुक्त से बिना मार्गदर्शन लिए सीधा-सीधा कई पात्र मतदाताओं को अपात्र घोषित कर दिया।

उनका आरोप है कि निर्वाचन अधिकारी ओपी कोसरिया अपर कलेक्टर ने अवैधानिक रूप से मतदाताओं को मतदान के निर्धारित समय पर अंतिम मतदाता सूची में पात्र मतदाता को अपात्र घोषित कर नियम विरुद्ध क्षेत्राधिकार से बाहर जाकर काम किया और इसी वजह से पात्र मतदाता मताधिकार से वंचित हुए।

उन्होंने सवाल किया है कि 12 मतदाता अयोग्य थे तो उनमें से 3 मतदाता इस चुनाव में प्रत्याशी कैसे बने रहे। उन्होंने कहा कि नियम विरुद्ध अवैधानिक रूप से संचालक मंडल के 10 प्रत्याशियों को नियम के खिलाफ  विजयी घोषित किया गया है।
उइसके खिलाफ  उच्च न्यायालय में चुनौती देंगे ताकि निर्वाचन निरस्त किया जा सके। मालूम हो कि 2 सितंबर को ही अध्यक्ष प्रमोद चंद्राकर ने अपने संचालक मंडल के साथ शपथ ग्रहण किया है।


अन्य पोस्ट