महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 3 सितंबर। समीप की पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम दोद में रामायण कार्यक्रम देख कर लौट रहे एक ग्रामीण को डंडे से पीटकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर चौकी प्रभारी दल बल के साथ घटनास्थल पहुंचकर गांव के ही आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है।
चौकी प्रभारी देवानंद माथुर से मिली जानकारी के अनुसार कल रात्रि को ग्राम दोद में गणेश उत्सव के पर्व पर रामायण का कार्यक्रम आयोजित था। जिसमें मृतक डेरहा राम यादव उम्र 50 वर्ष रामायण का कार्यक्रम देख कर घर जा रहा था कि गांव में रहने वाला आरोपी मोहित राम खडिय़ा उम्र 50 वर्ष ने पीछे से उसके सर पर डंडे से वार कर दिया जिससे वह गिर पड़ा।
परिजन द्वारा निजी वाहन से रायपुर ले जाया जा रहा था तो आरंग के पास मौत हो गई। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना आज सुबह पुलिस चौकी बया पर दी गई। विवेचना अधिकारी देवानंद माथुर द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पितांबर पटेल , एसडीओपी बाजपई व थाना प्रभारी केसी दास के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड में लिया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 307 कायम कर मामले की जांच की जा रही है।