महासमुन्द

मेरे खिलाफ एफआईआर राजनीतिक साजि़श -कुमारी भास्कर
03-Sep-2022 2:12 PM
मेरे खिलाफ एफआईआर  राजनीतिक साजि़श -कुमारी भास्कर

सरायपाली जनपद पंचायत अध्यक्ष ने एसपी के नाम सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 सितंबर।
सरायपाली जनपद पंचायत अध्यक्ष कुमारी भास्कर ने अपने खिलाफ एफआई आर दर्ज होने के बाद  शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपना पक्ष रखते हुए पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने बताया कि विधायक के द्वारा राजनीतिक साजिश उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया गया है और उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है।

गौरतलब है कि सरायपाली थाना में गुरूवार को स्थानीय विधायक किस्मतलाल नंद ने जनपद अध्यक्ष कुमारी भास्कर के खिलाफ छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान अपने खिलाफ अपशब्द कहने का मामला सरायपाली थाने में दर्ज कराया था।

इस मामले में अब जनपद अध्यक्ष कुमारी भास्कर ने एसपी कार्यालय पहुंच कर ज्ञापन सौंपा है, जिसमें कहा गया है कि मैंने अधिकारी कर्मचारियों की मांग का समर्थन करते हुए राज्य सरकार की निंदा की थी। इस विषय में सरकार के मंत्री के द्वारा सही बात को ही मैंने दोहराया था।

इस दौरान मेरा वीडियो बनाकर गलत जानकारी देकर थाना सरायपाली शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने यह भी कहा है कि उनके खिलाफ राजनैतिक साजिश के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है, ताकि भविष्य में वे विधायक की राजनैतिक प्रतिद्वंद्वी ना बन सकें।
 


अन्य पोस्ट