महासमुन्द
पिथौरा, 3 सितंबर। ओडिशा से गांजा लेकर पिथौरा की ओर आ रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये दोनों कार में सवार थे। पुलिस ने इसके पास से 4 पैकेट 8 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत 80 हजार रुपए आंकी गई है। तस्करी में प्रयुक्त कार की कीमत 2 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पिथौरा थाना प्रभारी राकेश खुटेंश्वर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि कार से दो युवक गांजा लेकर ओडिशा से पिथौरा की आ रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम गठित कर राष्ट्रीय राजमार्ग - 53 गोपालपुर मोड डोंगरीपाली चौक के पास घेराबंदी कर कार का इंतजार शुरू हुआ। उसी समय कार आती दिखी, जिसे रोककर पूछताछ की गई और कार सवार महलपारा पिथौरा निवासी गोवर्धन निषाद (40) एवं ग्राम पिलवापाली पिथौरा निवासी मेहत्तर साहू (45) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान संदेह होने पर टीम ने कार की तलाशी ली। इस दौरान 4 पैकेट यानी 8 किलो गांजा बरामद हुआ।