महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,2 सितम्बर। इस साल अभी तक आरटीई के तहत मुफ्त की सीटें भर नहीं पाईं। दूसरे चरण में बच्चों के प्रवेश लेने के बाद भी करीब 256 सीटें खाली रह गई हैं। अब फिर से एडमिशन की प्रक्रिया नहीं होगी। यानी ये सीट खाली ही रहेंगी। इधरए दूसरे चरण में प्रवेश के लिए चयनित बच्चों का प्रवेश ले लिया गया है। जिले में आरटीई के तहत कुल 2146 सीट थी। पहले चरण में 1507 बच्चों का 216 निजी स्कूलों में प्रवेश हुआ। 639 सीट खाली थी।
इसके बाद दूसरे चरण के आवेदन मंगाए गए और निर्धारित समय तक 383 सीट ही भर पाई। शेष सीटें खाली रह गईं। बताया जा रहा है कि जो सीट खाली है इसमें ज्यादातर हिंदी माध्यम स्कूल की हैं। जिला शिक्षा अधिकारी एस चंद्रसेन का कहना है कि दो चरणों में आरटीई के तहत प्रवेश की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। इसके तहत 1890 बच्चों का दाखिला हुआ है।
मालूम हो कि आरटीई के तहत तीन चरणों में प्रवेश की प्रक्रिया चलती है। इस बार मात्र दो ही चरणों में संपन्न हुए। क्योंकि इस साल दो चरणों की प्रक्रिया में ही विभाग ने देरी कर दी। तीसरे चरण में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू करेंगे तो शैक्षणिक सत्र में इसका प्रभाव पड़ सकता था इसलिए तीसरे चरण की प्रक्रिया विभाग ने जारी ही नहीं।
आरटीई के प्रथम चरण में 1507 बच्चों का 216 निजी स्कूलों में प्रवेश हुआ है। पहले चरण के लिए आवेदन मंगाए थे, जिसमें 2583 आवेदन प्राप्त हुए थे। स्क्रूटनी के बाद मात्र 2100 आवेदन पात्र पाए गए थे। लॉटरी की प्रक्रिया के बाद बच्चों को स्कूलों का आवंटित हुआ था।
दूसरे चरण के लिए प्रवेश की प्रक्रिया 1 जुलाई को शुरू हुई थी, जो 15 जुलाई तक चली। निर्धारित समय तक करीब 600 लोगों ने बच्चों को आरटीई के तहत पढ़ाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए थे। 16 जुलाई को दस्तावेजों की स्क्रूटनी होने के बाद 28 जुलाई से आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जो 2 अगस्त तक चली। इसके बाद आवंटित स्कूलों में प्रवेश के लिए 15 अगस्त निर्धारित था। समयावधि तक 383 बच्चों ने ही प्रवेश लिया। इसके चलते 250 से अधिक सीटें खाली रह गईं। इस तरह आरटीई के तहत प्रवेश लेने में इस बार कमी आई देखी गई। अधिकांश बच्चे सरकारी अंग्रेजी स्कूल आत्मानंद में प्रवेश ले चुके हैं।
अधिकांश बच्चे सरकारी अंग्रेजी स्कूल आत्मानंद में प्रवेश ले चुके हैं