महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 सितम्बर। महासमुंद जिले के कौंदकेरा में किसान योगेश्वर चंद्राकर ने अपने खेतों में इस साल ब्लैक राइस, ग्रीन और रेड राइस के साथ बैगनी गेंहू का फसल लिया है। उनके खेतों में लहलाते इन फसलों का निरीक्षण कल अंतर राष्ट्रीय चावल रिसर्च सेंटर बनारस सम्बद्ध हेड ऑफिस फिलीपींस और कृषि महाविद्यालय कांपा के कृषि वैज्ञानिकों डा. प्रदीप सेजवाल और डा. संदीप भंडारकर की संयुक्त टीम ने किया। अपने दो दिवसीय प्रवास में इन वैज्ञानिकों ने पहले रायपुर जिले के किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को साझा किया और कल महासमुंद जिले के कौंदकेरा निवासी किसान योगेश्वर चन्द्राकर के खेतों में लगे ब्लैक राइस, ग्रीन राइस और रेड राइस फसल के साथ स्थानीय धान की वेरायटी और उनमें आने वाली बीमारियों, खरपतवार की समस्याओं, पौधे रोपण के तरीके और उत्पादन की जानकारी ली।
जानकारी के मुताबिक डा. प्रदीप सेजवाल धान फसल की खुर्रा बोनी के तरीके में विशेष रूप से दक्ष हैं और इसी विषय पर उनका रिसर्च भी जारी है। गांव में पहुंचे हुए वैज्ञानिकों को कौंदकेरा के कुछ किसानों ने खेतों में खरपतवार की प्रमुख समस्या और सीजन में लगने वाले खर्च के बारे में जानकारी दी। ग्राम परसवानी के कृषक टेमन चन्द्राकर ने खरपतवार के कारण खेतों में लगने वाले कीटों की समस्या को प्रमुखता से रखा। वहीं योगेश्वर चन्द्राकर ने नवीन उत्पादों ब्लैक राइस, ग्रीन और रेड राइस के साथ बैगनी गेंहू जैसे उत्पादों के विक्रय के लिए पर्याप्त मार्केट की अनुपलब्धता की बात कही।
मालूम हो कि कौंदकेरा के किसान योगेश्वर चन्द्राकर ने इसके पूर्व औषधीय गुणों से भरपूर लाल और काली मूली के साथ नीले और लाल आलू की सफलता पूर्व खेती की है। डा. सेजवार के खेत में डाले गए उर्वरक के प्रश्न पर योगेश्वर ने कहा कि 25 किलो ग्राम यूरिया के साथ आईडब्लूपीएल कम्पनी के भुविटा जैविक उत्पाद के उपयोग की जानकारी दी। साथ ही समय-समय पर स्थानीय ग्राम सेवक नवीन चन्द्राकर के मार्गदर्शन में कार्य करने की जानकारी भी दी।
डा. सेजवार ने फसल की तारीफ करते हुए जैविक कृषि के पहल की बात कही। उन्होंने अपने स्तर पर राष्ट्रीय एवम अंतर राष्ट्रीय मार्केट में इस नवीन फसल के उत्पादन केबाद मार्केट उपलब्ध कराने का विश्वास दिलाया। डॉ सेजवार ने खरपतवार की प्रजातियों का भी बारीकी से परीक्षण किया वहीं उनके कारण और सुझाव भी दिए।