महासमुन्द
समझाइश पर हिन्दू रीति से लिए फेरे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 29 अगस्त। ईसाई धर्म के एक पास्टर के घर में दो हिन्दू जोड़ों के विवाह की खबर के बाद अंतत: समाज के कुछ सदस्यों की समझाइश के बाद दोनों जोड़ों ने स्थानीय शीतला मंदिर में हिन्दू रीति रिवाज से फेरे लेकर वैवाहिक बंधन में बंध गए।
ज्ञात हो कि रविवार को उक्त मामले की जानकारी होते ही सर्व हिन्दू समाज उत्तेजित हो गया था और पुलिस में आवेदन कर धर्मांतरण की कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।
उक्त मामले में निषाद समाज के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप निषाद ने बताया कि सामाजिक लोगों को जब उक्त मामले की जानकारी हुई, तब वे तत्काल भटके जोड़ों के परिवार के पास पहुंचकर उनसे बातचीत कर हिन्दू रीति रिवाज से ही विवाह करने की समझाइश दी।
समझाइश के बाद दिनों परिवार स्थानीय शीतला मंदिर पहुंचे एवं स्थानीय समाज एवं वर-वधु के परिजनों की उपस्थिति में शीतला मंदिर में पहले विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद शीतला माता के सात फेरों के साथ शादी सम्पन्न की गई। उक्त संबंध में वर-वधु एवं उनके परिजनों ने कुछ भी कहने से इंकार किया है।
ज्ञात हो कि कल ही एक पास्टर के घर ईसाई रीति रिवाज से दो जोड़ों की शादी की खबर एवं उक्त अवसर के कुछ फोटोग्राफ सोशल मीडिया में वायरल होते ही सर्व हिन्दू समाज द्वारा इसका विरोध कर धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए पुलिस कार्रवाई हेतु पुलिस थाना में आवेदन भी दिया था।