महासमुन्द

हिन्दू संगठनों ने लगाया धर्मांतरण करने का आरोप
28-Aug-2022 9:42 PM
हिन्दू संगठनों ने लगाया धर्मांतरण करने का आरोप

मामले की जांच की जा रही है- टीआई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 पिथौरा, 28 अगस्त।
नगर के समीप लहरौद स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के पीछे स्थित एक भवन में प्रलोभन देकर धर्मांतरण करने का आरोप नगर के हिन्दू संगठनों ने लगाया है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय थाना प्रभारी ने बताया कि सर्व हिन्दू संगठनों के आवेदन पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सर्व हिन्दू समाज के आयुष अग्रवाल, सन अग्रवाल, कुलदीप, गोपाल शर्मा, सतप्रीत सलूजा, आशीष अग्रवाल, गोलू रावल, बलराज नायडू, सूरज यादव, सौरभ अग्रवाल सहित करीब आधा सैकड़ा लोगों के हस्ताक्षरयुक्त पुलिस को दिए आवेदन में कहा गया है कि दो युवक-युवतियों को बहला-फुसलाकर तथा प्रलोभन देकर एक पास्टर अपने निजी मकान में ईसाई धर्म में परिवर्तन कर विवाह कराया जा रहा था।

पुलिस को दिए आवेदन में 2 पास्टरों के विरुद्ध धर्मान्तरण, हिन्दू धर्म का अपमान व प्रलोभन देकर समाज को तोडऩे का प्रयास कर आक्रोश फैलाने का आरोप लगाते हुए उनके विरु कार्रवाई करते हुए प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।

संगठन के सदस्यों ने बताया कि एक हिन्दू परिवार की गाड़ी पास्टर घर के सामने देखकर कुछ सदस्य घर के अंदर के कुछ फोटोग्राफ लिए, जिसे देखकर एक वर्ग विशेष भडक़ कर थाना जा पहुंचा था। बहरहाल पुलिस में आवेदन देते ही पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचने से अब नगर से तनाव समाप्त हो गया।

शादी नहीं रिसेप्शन चल रहा था-पुलिस
उक्त मामले में स्थानीय थाना प्रभारी राकेश खुटेश्वर ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि सर्व हिन्दू संगठनों की शिकायत के बाद वे स्वयं दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पास्टर के घर में दो जोड़े अपने माता-पिता एवं परिवार के साथ थे। अपने बयान में उन्होंने बताया कि उनकी शादी पूर्व में हो चुकी है। इसके प्रमाण स्वरूप उन्होंने नोटरी के स्टाम्प पर लिखित इकरारनामा भी दिखाया गया, जिसमें शादी का जिक्र है। पास्टर के घर के बारे में पूछने पर उन्होंने पुलिस को बताया कि चूंकि वे अक्सर यहां आते-जाते थे, इसलिए शादी के बाद रिसेप्शन के लिए आये थे।


अन्य पोस्ट