महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अगस्त। विश्व जल संरक्षण सप्ताह के तहत वन है तो जल है,जल है तो सुनहरा कल है के उद्देश्य को लेकर भारतीय सांस्कृतिक निधि इंटैक ने शुक्रवार को स्थानीय संजय कानन स्थित कृष्ण कुंज में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया।
इसमें विलुप्त हो रही प्रजाति के पौधे रोपे गए। बागबाहरा रोड स्थित संजय कानन में कल शुक्रवार को भारतीय सांस्कृतिक निधि इंटैक द्वारा पौधरोपण कार्यक्रम रखा गया। मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने कहा कि इंटैक विरासतों के संरक्षण की दिशा में लोगों को जोडऩे उल्लेखनीय भूमिका निभा रहा है। विलुप्त हो रहे प्राकृतिक संपदा को सहेजना आवश्यक है। इसे इंटैक द्वारा किया जा रहा है जो सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण में लीक से हटकर वनौषधि महत्व के हर्रा, बेहड़ा, आंवला, महुआ, कोसम, बेल, भेलवा, अडूसा, आम और इमली जैसे पौधों का रोपण नगरीय क्षेत्र में मिश्रित वन विकसित करने का अच्छा संदेश जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत प्राचार्य मानकलाल चंद्राकर व विशेष अतिथि अरिश अनवर थे। संयोजक दाऊलाल चंद्राकर ने स्वागत भाषण दिया।
और सह संयोजक राजेश्वर खरे ने वन एवं पशुधन संवर्धन महत्व की छत्तीसगढ़ी लोककथा एक पेड़ आम प्रस्तुत किया। रूपेश तिवारी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में एप्सो के जिला अध्यक्ष प्रमोद तिवारी, काव्यांश परिवार से द्रौपदी साहू, जयराम पटेल, डी बसंत साव, दिशा नाट्य कला मंच से नरेश साहू, इंटैक परिवार से डा. आरजी यादव, रघुनाथ सिन्हा, प्रमोद कन्नौजे, राजेन्द्र चंद्राकर, मानक नामदेव मौजूद थे।
----------