महासमुन्द
महासमुंद, 27 अगस्त। ग्रामीण के घर की बाड़ी से पुलिस ने 52 पाव देशी प्लेन शराब जब्त कर उसे आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि ग्रामीण ने शराब को अवैध रूप से बिक्री करने के लिए घर की बाड़ी में रखा था। जैसे ही पुलिस को अवैध बिक्री की जानकारी हुई, छापामार कार्रवाई करते हुए शराब बरामद किया। जब्त शराब की कीमत 4160 रुपए आंकी गई है।
मामला बागबाहरा के ग्राम घोंच का है। पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की मुहिम में थाना व चौकी प्रभारी जुट हुए हैं। इसी तारतम्य में मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम घोंच में कुश कु़मार ठाकुर अपने घर की बाड़ी में भारी मात्रा में देशी प्लेन शराब छुपाकर रखा है। वह शराब की अवैध बिक्री करता है।
सूचना पर टीम गांव पहुंच उसके घर में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस को बाड़ी में सफ़ेद रंग के प्लास्टिक थैले में 52 नग पाव देशी प्लेन 9.360 लीटर बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी कुश कुमार ठाकुर 21 साल को अवैध शराब बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया है।