महासमुन्द

जिंदा बैलों की बनिस्बत सडक़ पर दौडऩे तैयार मिट्टी के बैल: रंग-बिरंगे नांदिया-पोला से सजा बाजार
25-Aug-2022 3:57 PM
जिंदा बैलों की बनिस्बत सडक़ पर दौडऩे तैयार मिट्टी के बैल: रंग-बिरंगे नांदिया-पोला से सजा बाजार

पूजा-अर्चना के लिए मिट्टी के बैल व खिलौनों के इस बाजार को इस साल अच्छा प्रतिसाद मिल रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अगस्त।
परसों शनिवार 27 अगस्त को छत्तीसगढ़ का पारंपरिक त्यौहार पोला का आयोजन होगा। यह त्यौहार किसान और बच्चों दोनों का है। इस त्यौहार को लेकर इस साल लोगों में खासा उत्साह देखने के लिए मिल रहा है। पिछले दो सालों में कोविड के कारण लोगों ने पोला का त्यौहार ठीक से नहीं मनाया था। इस बार सडक़ किनारे मिट्टी के सुंदर-सुंदर बैल, बच्चियों के खेलने के लिए मिट्टी से बनी रसोई के सामान खरीदकर घर के बड़े सहर्ष ले जा रहे हैं। पूजा-अर्चना के लिए मिट्टी के बैल व खिलौनों के इस बाजार को इस साल अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इस तरह भले ही जिंदा बैल भले ही गलियों और सडक़ों पर दौड़ते नहीं मिलते लेकिन जिंदा बैलों की तुलना में मिट्टी के बैलों की खरीददारी में अभी कोई कमी नहीं आई है। इस बार मिट्टी के बैल जोड़ी की कीमत 50 रुपए से दो सौ रुपए तक है। वहीं पचास रुपए में मिट्टी का पोला सहज ही मिल रहा है।

महासमुंद में कोतवाली के सामने, आशीबाई स्कूल के सामने, गोल बाजार में मिट्टी से बने बैल और खिलौनों का बड़ा बाजार लगा हुआ है। रंग बिरंगे और खूबसूरत डिजाइनों में बने इन खिलौनों और बैलों को देखते ही पोला पर्व का उत्साह बनता है। लाल, पीले, हरे, नीले बैल, पोला, मटका, कड़ाही, चूल्हा, बेलन आदि अन्य प्रकार के मिट्टी के बर्तनों की दुकानें इस साल सजी हुई हैं।

मालूम हो कि इस पर्व के दिन किसान अपने खेतों में काम नहीं करते, बल्कि बैलों को स्नान कराकर उनका शृंगार करते हैं। वहीं घरों में छत्तीसगढ़ी व्यंजन खुर्मी, ठेठरी, चीला, गुलगुला भजिया, बोबरा सहित अन्य पकवान बनाकर भगवान को भोग लगाकर बैलों को खिलाते हैं। बच्चों के मन में बैलों के प्रति सम्मान की भावना जागृत हो, इसलिए जिनके घरों में बैल नहीं हैं, वे मिट्टी के बैलों की पूजा करते हैं। मान्यता है कि पोला  पर्व के दिन किसान खेतों में नहीं जाते, अपना काम बंद रखते हैं। यह भी कहा जाता है कि इसी दिन अन्न माता गर्भ धारण करती हैं। धान के पौधों में दूध भरता है। शहर में पर्व के दिन बैल दौड़.श्रृंगार प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।
 


अन्य पोस्ट