महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 अगस्त। महासमुंद के ग्राम पंचायत बम्हनी सरपंच पर राशि अनियमितता का आरोप लगाते हुए उपसरपंच और पंचों ने कार्रवाई की मांग की है। शिकायत करने उपसरपंच और पंच मंगलवार को कलेक्टोरेट पहुंचे थे।
उनका कहना है कि सरपंच द्वारा मूलभूत एवं 14वें तथा 15वें वित्त की राशि को आहरित कर अनियमितता बरती गई है। जिसको लेकर उन्होंने एसडीएम, कलेक्टर और जिला पंचायत में शिकायत की है।
शिकायत करने पहुंचे उपसरपंच और पंचों ने बताया कि ग्राम पंचायत बम्हनी के सरपंच द्वारा पंचायत के मूलभूत एवं 14वें तथा 15वें वित्त की राशि को मनमाने तरीके से आहरित कर विकास कार्य में ना लगाकर दुरूपयोग किया गया है।
साथ ही राशि को निजी लाभ के लिये खर्च कर गांव के विकास कार्य पर प्रतिकूल असर डाला गया है। इसके अलावा पंचायत के पंचों को भी विश्वास में लेकर नहीं चलती और ना ही कोई तालमेल बनाती है। सरपंच प्रतिनिधि के रूप में उसका पति ही पंचायत का सारा काम देखता है एवं वही मनमाने तरीके से पंचायत को संचालित करता है। पैसों की अनियमितता को लेकर शिकायत करते हुए गांव वालेेें ने 21 बिंदुओं में इसकी जानकारी दी है। साथ ही बताया है कि सूचना के अधिकार व अन्य दस्तावेजों से यह जानकारी निकाली गई है।
इस दौरान उपसरपंच कामता प्रसाद सोनवानी के साथ पंच फलेंद्र निषाद, गोविंद महिलांग, पुरुषोत्तम साहू आदि मौजूद थे।