महासमुन्द
प्रशासन कहती है कि 100 मीटर के दायरे में बेच सकते हैं
शहर के किसी भी स्कूल के आसपास अब यलो निशान नहीं है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 अगस्त। जिला मुख्यालय में शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में गुटखा-सिगरेट की बिक्री पर प्रतिबंध है। बावजूद इसके कई स्कूल ऐसे हैं जहां 100 मीटर तो छोडि़ए, 25 मीटर के दायरे में ही गुटखा, पान, तंबाकू और सिगरेट धड़ल्ले से बिक रहे हैं। किसी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई न होने से दुकानदारों के हौसले बुलंद हैं। छात्रों पर इसका दुष्प्रभाव भी हो रहा है। इसे लेकर पालक ही नहीं बल्कि शिक्षक भी चिंतित हैं। प्रशासन है कि महज नशामुक्ति का संदेश देकर अपना काम तमाम कर लेता है। स्कूलों के आसपास शासन के आदेश के मुताबिक 100 मीटर के दायरे में मादक पदार्थ, गुटखा की दुकानों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित है लेकिन महासमुंद शहर में स्कूल से लगे दुकानों में बेधडक़ इन सामानों की बिक्री हो रही है। हाईस्कूल, बृजराज पाठशाला, आशीबाई
गोलछा कन्या शाला, नवीन कन्या शाला, नयापारा प्राथमिक शाला के आसपास ऐसी कई दुकानें संचालित हो रही हैं। इन दुकानों के नहीं हटने से स्कूली बच्चों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके लिए स्कूल प्रबंधन भी कई बार शिकायत दर्ज करा चुका है। बावजूद कार्रवाई का अभाव है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी एस चंद्रसेन का कहना है कि स्कूलों के सौ मीटर के दायरे में संचालित गुटखा-पान की दुकानों पर कार्रवाई का अधिकार प्रशासन के पास है। इसके तहत जिले के सभी स्कूलों में यलो लाइन से मार्किंग कर उक्त क्षेत्र को नशा प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया जाना था। पर कुछेक स्थानों पर ही यलो लाइन की मार्किंग कर अभियान की खानापूर्ति की गई। वहीं अभियान के तहत स्कूलों में सूचना फलक भी लगाया जाना था लेकिन लह भी कुछ एक स्कूलों में देखने को मिलता है। शहर के किसी भी स्कूल के आसपास अब यलो निशान नहीं है।