महासमुन्द

वैन समेत कई स्थानों पर अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
22-Aug-2022 3:25 PM
वैन समेत कई स्थानों पर अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद, 22 अगस्त। सरायपाली पुलिस ने शनिवार को कई ठिकानों पर तथा वैन में शराब तस्करी कर रहे लोगों पर कार्रवाई कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वैन से 100 लीटर व अलग-अलग जगहों से 6.30 लीटर महुआ, अंग्रेजी शराब जब्त की है।

 मालूम हो कि पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी आशीष वासनिक ने बताया कि शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कार में शराब रखकर बलौदा से झिलमिला के रास्ते सरायपाली आ रहा है। सूचना मिलते ही टीम झिलमिला चौक के पास पहुंच घेराबंदी की।

 थोड़ी देर बाद उक्त कार आई। कार में वार्ड.9 सरायपाली निवासी टिकेश्वर कर 28 वर्ष सवार था। उसे हिरासत में लेकर कार की तलाशी ली गई। टीम को पीछे डिक्की में दो सफेद रंग की बोरी में रखे 100 लीटर महुआ शराब कीमत 20 हजार मिला। पुलिस ने शराब व कार को जब्त कर लिया। वहीं आरोपी को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

 इसी तरह वार्ड नंबर 1 में भी पुलिस ने कार्रवाई कर 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। ग्राम केना से जलगढ़ जाने वाले रोड में पुलिया किनारे सफेद प्लॉस्टिक थैले में 35 पौवा कीमती 4200 रुपए की शराब के साथ गांव के किरण कुमार भोई 32 साल को गिरफ्तार किया। इसी प्रकार पुलिस ने वार्ड नंबर 1 अंबेडकर नगर निवासी दुखी श्याम मिर्धा 31 साल से 4, अर्जुन डहरिया 59 साल के  कब्जे से 4, अनीता डहरिया लहरिया 37 साल से 3 एवं मालती डहरिया 30 साल से 3 लीटर महुआ शराब जब्त किया। ये सभी अंबेडकर नगर वार्ड नंबर 1 सरायपाली के निवासी हैं।


अन्य पोस्ट