महासमुन्द
महासमुंद, 20 अगस्त। महासमुंद जिले के अंतरराज्यीय सीमा से लगे हुए ग्राम नर्रा के कुलदीप निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नर्रा को केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने विशेष मेंटरशिप के लिए चयनित किया है। इसके तहत देश के 6 हजार स्कूलों को केंद्र की शिक्षा मंत्रालय द्वारा इनोवेशन के लिए तकनीकी और एथिकल मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करने के लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद नई दिल्ली से संबद्ध उच्च शिक्षा संस्थानों को अधिकृत किया गया है।
छत्तीसगढ़ में महासमुंद जिले का यह एकमात्र विद्यालय है, जिसे इस कार्ययोजना से संबद्ध किया गया और रायपुर स्थित एमिटी युनिवर्सिटी के इंजीनियरिंग व तकनीकी विभाग से इसे संलग्न किया है। इसके तहत एमिटी विश्वविद्यालय के इनोवेशन सेल के अधिकारी जल्द ही नर्रा विद्यालय का दौरा करेंगे और यहां के छात्रों और शिक्षकों से चर्चा करेंगे।
जानकारी अनुसार बीते दिनों विवि के इंजीनियरिंग और तकनीकी विभाग के डीन प्रो.सुरेंद्र रह्मताकर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विशेषज्ञ प्रो. पटनायक ने नर्रा के प्राचार्य और अटल टिंकरिग के प्रभारी सुबोध कुमार तिवारी से वर्चुअल बैठक कर विद्यालय और एमिटी युनिवर्सिटी के बीच तकनीकी व अन्य सहयोग के संबंध में विस्तृत चर्चा की थी।