महासमुन्द

सूख रहे फसल को बचाने कल शाम खेतों की ओर चला कोडार का पानी, किसानों को राहत
06-Aug-2022 3:52 PM
सूख रहे फसल को बचाने कल शाम खेतों की ओर चला कोडार का पानी, किसानों को राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 अगस्त।
कोडार जलाशय से कल शुक्रवार देर शाम पानी छोड़ा गया है। कोडार से पानी छोडऩे के बाद किसानों को थोड़ी राहत मिली है। कहा जा रहा है कि इस वक्त भीषण गर्मी में धान के खेतों में दरारें आने लगी हैं और फसल मुरझाने लगे हैं। 
जानकारी अनुसार कोडार का गेट सिंचाई के लिए अगले 26 दिनों तक खुला रहेगा। जिले में पिछले साल की अपेक्षा इस साल 64.2 मिमी अधिक बारिश हुई है। इसके बाद भी खेत सूखे हंै। जिले में पिछले सप्ताहभर से बारिश नहीं हुई हैं। किसान अपनी फसल को लेकर चिंतित हैं। फसल की ऐसी हालत को देखकर जल संसाधन विभाग के पास जलाशयों से पानी छोडऩे की मांग आनी शुरू हो गई है। इसी को देखते हुए जल उपभोक्ता समिति की बैठक गुरूवार को हुई और 25 प्रतिशत से अधिक जलभराव वाले जलाशयों से सिंचाई के लिए किसानों को पानी देने का निर्णय लिया गया।


गौरतलब है कि कोडार व केशवा का कैचमेंट एरिया बागबाहरा है। इस क्षेत्र में बारिश कम होने के कारण दोनों जलाशय भर नहीं पाए। मौसम विभाग के अनुसार बागबाहरा में सबसे कम बारिश दर्ज की गई। केशवा जलाशय के इंजीनियर हिमलेश बिसेन का कहना है कि पानी की मांग किसान कर रहे हंै, लेकिन बैठक में 25 प्रतिशत से अधिक पानी भरा होगा उसी जलाशय से पानी छोडऩे पर सहमति बनी है। उन्होंने बताया कि केशवा में 23.92 ही पानी हेै। कोडार के इंजीनियर पीयूष देवांगन ने बताया कि जलाशय से पानी छोडऩे की मांग शुरू हो गई है। किसान फोन पर खेतों की स्थिति बता रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम मुढ़ेना, खरोरा, बम्हनी, बिरकोनी, बेलसोंडा, बरोंडाबाजार, राइट केनाल से ग्राम पंचायत कौंदकेरा, कांपा, सोरिद, परसदा के नवापारा, भोरिंग, खैरझिटी, अछोली व कौंआझर के किसान पानी छोडऩे के लिए आवेदन किए हैं। वहीं लगातार पानी की मांग भी की जा रही है।


 इसी के चलते जल उपभोक्ता समिति की बैठक बीते गुरूवार को हुई और पानी छोडऩे का निर्णय लिया। जानकारी अनुसार जिले में 102 जलाशय है। इसमें वृहद जलाशय कोडार है। इसमें वर्तमान में 40.87 प्रतिशत पानी है। पिछले साल आज ही के दिन 30.46 प्रतिशत पानी था। इस बार 10 प्रतिशत अधिक पानी है। इसी प्रकार मध्यम जलाशय केशवा इसमें 23.92 प्रतिशत पानी है। पिछले साल 18.54 प्रतिशत पानी था। इसके अलावा 100 मिनी जलाशय में नजर डाले तो 15 जलाशय ऐसे है, जो शत प्रतिशत भर चुके हैं। 9 जलाशय 75 से 99 प्रतिशत, 50 से 75 प्रतिशत तक 24, 25 से 50 प्रतिशत तक 32 एवं 0 से 25 प्रतिशत तक 21 जलाशय भरे हैं। कोडार जलाशय के केनाल से नहरों के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंची है। कोडार की सिंचाई क्षमता 16 हजार 754 हेक्टेयर है। ये हेक्टेयर दोनों केनाल राइट व लेफ्ट के माध्यम से सिंचाई की जाती है।


अन्य पोस्ट