महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अगस्त। बसना पुलिस ने बुधवार को एक क्षतिग्रस्त कार से 1 क्विंटल गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 20 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस कार का पीछा कर रही थी, लेकिन तस्कर उसके कब्जे में आते उससे पहले ही चालक कार को छोडक़र फरार हो गया। पुलिस कार नंबर के अनुसार आरोपियों तक पहुंचने के लिए पतासाजी कर रही है।
थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर ने बताया थाना के सामने वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसे समय सामने से एक कार क्रमांक एमएच 14 जीएच 6767 तेज रफ्तार से आ रही थी। पुलिस को देख अपनी गाड़ी को चालक ने अचानक पीछे मोड़ा। इससे कार डिवाइडर से टकरा गई और सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। फिर भी कार रुकी नहीं और तेज रफ्तार से भागने लगी। पुलिस ने कार चालक को भागते देख उसका पीछा की। लेकिन पुलिस कार में सवार लोगों को पकड़ पाती, इससे पहले ही कार सवार ने कार को ग्राम गढफ़ुलझर साल्हेतराई मार्ग में बस्ती जाने के कच्चे रास्ते में छोड़ा और भाग खड़ा हुआ। जब पुलिस वहां पहुंची, तो देखा कि कार में कोई नहीं है लेकिन तलाशी ली तो कार से 10 किलो के 3 पैकेट तथा 2 किलो के 35 पैकेट गांजा मिला। इसकी कीमत 20 लाख व जब्त कार की कीमत 20 लाख रुपए आंकी गई है।